बरेली : मंडलायुक्त (कमिश्नर) शंभू कुमार मंगलवार सुबह अचानक जिला अस्पताल पहुंचे।यहां स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, दवा वितरण केंद्र और इमरजेंसी की व्यवस्थाओं को करीब से परखा।इस दौरान कमिश्नर ने मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे बातचीत कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं का फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिला अस्पताल में आने वाले किसी भी मरीज को इलाज, डॉक्टर को दिखाने या दवा लेने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
ओपीडी पहुंचकर मरीजों से लिया फीडबैक
कमिश्नर शंभू कुमार सबसे पहले जिला अस्पताल की ओपीडी पहुंचे। यहां उन्होंने मरीजों की संख्या, उपचार व्यवस्था और डॉक्टरों द्वारा दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों से उपचार व्यवस्था के संबंध में जानकारी लेने के बाद मरीजों और उनके साथ आए तीमारदारों से भी बातचीत की। कमिश्नर ने मरीजों से पूछा कि डॉक्टर को दिखाने, जांच कराने या उपचार लेने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। मरीजों से मिले फीडबैक के आधार पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
दवा वितरण केंद्र पर परखी व्यवस्था
इसके बाद कमिश्नर दवा वितरण केंद्र पहुंचे और वहां दवाओं के वितरण की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने काउंटर पर दवा लेने पहुंचे लोगों से बातचीत करते हुए पूछा कि दवा मिलने में कोई समस्या तो नहीं आ रही है। उन्होंने अधिकारियों से दवाओं की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि मरीजों को दवा लेने के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े और दवा वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रखी जाए।
इमरजेंसी में देखा हाल
ओपीडी और दवा वितरण केंद्र के निरीक्षण के बाद कमिश्नर इमरजेंसी पहुंचे। यहां उन्होंने मरीजों के उपचार और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने इलाज करा रहे मरीजों से बातचीत कर व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। कमिश्नर ने इमरजेंसी में मौजूद स्वास्थ्य कर्मचारियों से भी उपचार व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिए कि गंभीर मरीजों को तत्काल और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
मरीजों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला अस्पताल की ओपीडी,दवा वितरण केंद्र और इमरजेंसी की व्यवस्थाएं लगातार सुचारू बनी रहें। मरीजों को किसी भी स्तर पर परेशानी न हो और अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सीएमएस डॉ. आरके दीक्षित, सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
