बरेली : यूपी के बरेली देहात के नवाबगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के चर्चित मामले में पुलिस ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई की है। पॉस्को एक्ट के मुकदमे में नामजद और प्रकाश में आए दोनों वांछित आरोपियों को अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगने के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस ने दोनों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस तथा अन्य सामान भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, थाना नवाबगंज में एफआईआर संख्या 425/2026 धारा 70(2) बीएनएस एवं 5G/6 पॉक्सो एक्ट के तहत नाबालिग से दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।
पहला आरोपी विमलेश कुमार मुठभेड़ में गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक 12 अगस्त 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में नामजद आरोपी विमलेश कुमार (27 वर्ष) निवासी ग्राम पंडरी (बरौर के समीप), थाना नवाबगंज, ग्रेम डेम के पास किसी वारदात की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे घेरने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विमलेश के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा 450 रुपये बरामद हुए। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दूसरा आरोपी मुन्ने भी मुठभेड़ में दबोचा
इसके अगले दिन 13 अगस्त, 2026 को थाना नवाबगंज पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में जरेली की पुलिया के पास बड़ागांव जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान मुकदमे में प्रकाश में आए आरोपी मुन्ने (32 वर्ष) निवासी ग्राम पंडरी, थाना नवाबगंज, को घेर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने बचने का प्रयास किया। मगर, इस दौरान हुई मुठभेड़ में वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
दोनों पर दर्ज हैं गंभीर धाराएं
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में एफआईआर संख्या 425/2026 के तहत धारा 70(2) बीएनएस एवं 5G/6 पॉक्सो एक्ट में कार्रवाई की जा रही है। मुठभेड़ के बाद अवैध हथियार रखने और पुलिस कार्रवाई से जुड़े आरोपों में अलग से मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं। मुन्ने के खिलाफ मु0अ0सं0 433/2026 में धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत भी अभियोग पंजीकृत किया गया है।
मुन्ने का आपराधिक इतिहास आया सामने
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मुन्ने के खिलाफ वर्ष 2019 में थाना नवाबगंज में धारा 354, 504 एवं 506 आईपीसी के तहत भी मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपियों को एक-एक कर न्यायालय में पेश किए जाने से पहले चिकित्सकीय उपचार कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना एवं अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।
