दरगाह ताजुश्शरिया और मदरसा जामियातुर्रज़ा में होंगे सभी कार्यक्रम, देश-विदेश से पहुंचे उलेमा करेंगे शिरकत
बरेली : आला हज़रत इमाम अहमद रज़ा ख़ां फाज़िले बरेलवी के 108वें तीन दिवसीय उर्स-ए-रज़वी का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। यह उर्स 6 अगस्त से 8 अगस्त 2026 तक दरगाह ताजुश्शरिया और उर्स स्थल मदरसा जामियातुर्रज़ा में आयोजित होगा। कार्यक्रम काज़ी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती मुहम्मद असजद रज़ा ख़ां कादरी (असजद मियां) की सरपरस्ती में आयोजित किया जाएगा। जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के प्रवक्ता समरान खान ने बताया कि उर्स के सभी कार्यक्रम जमात रज़ा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उर्स प्रभारी सलमान मियां की अध्यक्षता तथा राष्ट्रीय महासचिव फरमान मियां की निगरानी में संपन्न होंगे। उर्स का कार्यक्रम उलेमा-ए-इकराम और उर्स कोर कमेटी की मौजूदगी में जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के मुख्यालय से जारी किया गया।
हुज्जतुल इस्लाम का कुल शरीफ रात 10:35 बजे

उर्स का पहला दिन 6 अगस्त (गुरुवार) को दरगाह ताजुश्शरिया में फज्र की नमाज़ के बाद कुरआनख़्वानी से शुरू होगा। इसके बाद नात व मनकबत का सिलसिला चलेगा तथा मुफस्सिरे-आज़म-ए-हिंद (जिलानी मियां) का सुबह 7:10 बजे कुल शरीफ होगा। रात में ईशा की नमाज़ के बाद नात-ओ-मनकबत और उलेमा-ए-किराम की तकरीरें होंगी। इसके बाद हुज्जतुल इस्लाम (हामिद मियां) का रात 10:35 बजे कुल शरीफ अदा किया जाएगा।
दूसरे दिन इमाम अहमद रज़ा कॉन्फ्रेंस अहम
7 अगस्त (शुक्रवार) को उर्स स्थल मदरसा जामियातुर्रज़ा में फज्र के बाद कुरआनख़्वानी होगी। दोपहर 2 बजे काज़ी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती असजद मियां हामिदी मस्जिद में जुमे की नमाज़ पढ़ाएंगे। असर की नमाज़ के बाद नात-ओ-मनकबत होगी और शाम 7:14 बजे हुजूर ताजुश्शरिया का कुल शरीफ होगा। ईशा की नमाज़ के बाद इमाम अहमद रज़ा कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसमें देश-विदेश से आए उलेमा-ए-किराम और सज्जादगान अपने विचार रखेंगे। देर रात 1:40 बजे सरकार मुफ्ती-ए-आज़म हिंद का कुल शरीफ होगा। उर्स के अंतिम दिन 8 अगस्त (शनिवार) को फज्र के बाद कुरआनख़्वानी होगी। सुबह 10 बजे से मुख्य कार्यक्रम शुरू होगा, जिसमें नात-ओ-मनकबत के साथ देश-विदेश से आए उलेमा और सज्जादगान की तकरीरें होंगी।
आला हजरत का कुल 2.38 बजे
दोपहर 2:38 बजे आला हज़रत इमाम अहमद रज़ा ख़ां फाज़िले बरेलवी का कुल शरीफ अदा किया जाएगा। इसी के साथ तीन दिवसीय 108वें उर्स-ए-रज़वी का विधिवत समापन होगा। उर्स में देश-विदेश से बड़ी संख्या में उलेमा-ए-किराम, सज्जादगान और अकीदतमंदों के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम जारी करने के दौरान सैय्यद अज़ीमुद्दीन अजहरी, मौलाना शम्स रज़ा, मौलाना अज़हर ख़ां, मौलाना आबिद, हाफिज इकराम रज़ा, डॉ. मेंहदी हसन, मोईन ख़ां, समरान ख़ां, यासीन ख़ां, कौसर अली, अब्दुल्लाह रज़ा ख़ां, दानिश रज़ा, बख्तियार ख़ां, मोईन अख्तर, गुलाम हुसैन, रेहान रज़ा, रहबर ख़ां, अली रज़ा, नावेद आलम और शाइबउद्दीन रज़वी सहित उर्स कोर कमेटी के सदस्य उपस्थित रहेंगे। उर्स के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ अकीदतमंदों की सुविधा और व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
