जंतर-मंतर जा रहे फरीदपुर के छात्रों से कथित मारपीट के बाद पुलिस सख्त, वायरल वीडियो से बढ़ा दबाव, सोशल मीडिया पर धार्मिक टिप्पणी भी बनी जांच का हिस्सा
नई दिल्ली/बरेली : दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में आयोजित छात्र प्रदर्शन के दौरान बरेली के दो छात्रों से कथित मारपीट का मामला अब गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। इस घटना के वायरल वीडियो और बढ़ते विवाद के बीच आरोपी बताए जा रहे सत्यम पंडित के आपराधिक रिकॉर्ड की समीक्षा के बाद पुलिस उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी कर रही है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पहले से आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसमें हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं।
पेपर लीक के विरोध में पहुंचे थे छात्र
हाल ही में नीट समेत विभिन्न परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में CJP के नेतृत्व में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन आयोजित किया गया था। बरेली के फरीदपुर निवासी छात्र आयुष अपने साथी राहुल के साथ इस आंदोलन में शामिल होने पहुंचे थे। पीड़ित छात्र का आरोप है कि 25 जुलाई की सुबह जंतर-मंतर जाते समय कार सवार छह युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज, मारपीट और धमकी दी। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों में शामिल एक युवक ने अपना नाम सत्यम पंडित बताया और दोबारा जंतर-मंतर आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
वायरल वीडियो के बाद तेज हुई कार्रवाई की मांग
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग उठने लगी। वीडियो में कथित तौर पर छात्रों से पूछताछ, धमकी और अभद्र व्यवहार दिखाई देने का दावा किया गया है। इस घटना ने राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी बहस छेड़ दी।
आरोपी पर हत्या समेत 8 मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार गाजियाबाद के पटेल नगर निवासी सत्यम पंडित के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कुल आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसमें नंदग्राम थाने में 2 मुकदमे, कोतवाली थाने में 3 मुकदमे, इंदिरापुरम थाना थाने में 1 मुकदमा, सिहानी गेट थाने में 2 मुकदमें हैं। पुलिस का कहना है कि पहला मुकदमा वर्ष 2022 में सिहानी गेट थाने में दर्ज हुआ था।सभी मामलों में विवेचना पूरी कर आरोप पत्र अदालत में दाखिल किए जा चुके हैं और आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर है।
गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने मीडिया को बताया कि आरोपी का पूरा आपराधिक रिकॉर्ड एकत्र कर लिया गया है। उसके खिलाफ दर्ज सभी मामलों की समीक्षा के बाद अब गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से यह कदम उठाया जा रहा है।
सोशल मीडिया वीडियो भी बना जांच का विषय
छात्रों से कथित मारपीट की घटना के बाद सत्यम पंडित का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। इसमें वह कांवड़ यात्रा के दौरान मुस्लिम अधिकारियों, विशेष रूप से एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद की ड्यूटी लगाने पर आपत्ति जताता दिखाई देता है। इस वीडियो के सामने आने के बाद भी पुलिस ने उसके पुराने मामलों की समीक्षा तेज कर दी।
‘राष्ट्रीय वीर हिंदू सेना’ संगठन चलाने का दावा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सत्यम पंडित ‘राष्ट्रीय वीर हिंदू सेना’ नामक संगठन संचालित करता है। बताया जाता है कि इससे पहले भी उसके खिलाफ गाजियाबाद के कोतवाली क्षेत्र में मीट कारोबारियों को कथित तौर पर धमकाने का वीडियो वायरल होने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया था।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी उठाया मुद्दा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की समीक्षा पूरी कर ली है और उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी चल रही है। वहीं, छात्रों से कथित मारपीट के मामले में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक कार्रवाई की जानकारी का इंतजार है। दूसरी ओर, वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग लगातार सोशल मीडिया पर तेज होती जा रही है।
