सपा प्रमुख ने पूछा- जिन बच्चों की जान गई, उनका जवाब कौन देगा?, डिंपल यादव ने संसद उठाया छात्रों पर कार्रवाई का मुद्दा, गृह मंत्री से मांगा जवाब
नई दिल्ली/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को संसद परिसर में भाजपा सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने, पेपर लीक, छात्रों पर कार्रवाई और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप।लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद शिक्षा व्यवस्था चौपट हो गई है, और विश्वविद्यालयों से लेकर भर्ती परीक्षाओं तक पूरा तंत्र संकट में है। संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा और शिक्षण संस्थानों को बचाने के लिए पूरा विपक्ष एकजुट है।
भाजपा शिक्षा और नौजवान विरोधी
उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन शिक्षा, युवाओं और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर एक साथ संघर्ष कर रहा है। उनके अनुसार,”संघर्ष बहुत बड़ा है क्योंकि भाजपा सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है और शिक्षा संस्थानों में योग्य लोगों की जगह अयोग्य एवं अनरजिस्टर्ड लोगों को बैठाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार के लिए चेतना ही चुनौती बन गई है।
NEET पेपर लीक पर संसद में गूंजा सपा का विरोध
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि NEET पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन करने वाले युवाओं का मनोबल सराहनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आंदोलन कर रहे छात्रों पर मुकदमे दर्ज करा रही है। बिहार का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कई छात्रों को जेल भेजा गया और सोशल मीडिया पर अपनी बात रखने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिहार में पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान एके-47 का इस्तेमाल किया।उन्होंने सरकार से सवाल किया कि NEET पेपर लीक के बाद जिन छात्रों की जान चली गई। उनके परिवारों की अब तक क्या मदद की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले आश्वासन दिया था कि छात्रों पर मुकदमे नहीं होंगे, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई जारी है।
सरकार के लिए चेतना ही चुनौती बन गई है..
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा, “सरकार को चेतना को चुनौती नहीं देनी चाहिए, लेकिन आज सरकार के लिए चेतना ही सबसे बड़ी चुनौती बन गई है।” उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज को दबाने की कोशिश लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है और सरकार को छात्रों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
सामाजिक न्याय और PDA की लड़ाई जारी रहेगी
सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी PDA (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) के साथ सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि संविधान के तहत सभी वर्गों को उनका अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए पार्टी लगातार काम करती रहेगी। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन ने उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराया और आगे भी सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रहेगी।
संसद परिसर में विपक्ष का प्रदर्शन
सोमवार को अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी और विपक्षी दलों के सांसदों के साथ संसद परिसर में प्रदर्शन भी किया। इस दौरान भाजपा सरकार पर पेपर लीक और कथित “चंदा चोरी” जैसे मुद्दों को लेकर निशाना साधा गया। सपा ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है और उसका एजेंडा शिक्षा व नौकरी नहीं, बल्कि युवाओं को परेशान करना बन गया है।
भाजपा भगाओ, सड़कें बचाओ
सपा ने सोशल मीडिया के जरिए हाल ही में शुरू हुए लखनऊ -कानपुर एक्सप्रेसवे के धंसने का मुद्दा भी उठाया। पार्टी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और रक्षामंत्री द्वारा उद्घाटन किए जाने के कुछ ही दिन बाद सड़क धंस जाना सरकार की कार्यशैली का उदाहरण है। सपा ने तंज कसते हुए कहा, “सपा का काम बोलता था, भाजपा का कारनामा बोल रहा है।” साथ ही नारा दिया, “भाजपा भगाओ, सड़कें बचाओ।”
डिंपल यादव ने संसद में उठाया छात्रों पर कार्रवाई का मुद्दा, गृह मंत्री से मांगा जवाब

समाजवादी पार्टी की मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने सोमवार को संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सरकार पर छात्रों के साथ कथित अत्याचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, एफआईआर दर्ज की जा रही हैं और उन्हें धमकाया जा रहा है। डिंपल यादव ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र में लोगों की स्वतंत्रता छीनी जा रही है और गृह मंत्री को इस पूरे मामले पर संसद में जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी छात्रों और युवाओं के अधिकारों की आवाज उठाती रहेगी।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
