बरेली : स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बनी सड़क सोमवार सुबह बरेली कॉलेज के पूर्वी गेट के सामने अचानक धंस गई। सड़क धंसने से करीब 10 फीट चौड़ा और 12 से 15 फीट गहरा गड्ढा बन गया इससे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल मार्ग पर आवागमन बंद करा दिया और मौके पर बैरिकेडिंग कर दी। प्राथमिक जांच में सड़क धंसने का कारण सीवर लाइन में लीकेज बताया गया है। नगर निगम के निर्माण विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है।अधिकारियों का कहना है कि सड़क को जल्द से जल्द सुरक्षित बनाकर यातायात बहाल किया जाएगा।
जानें क्या बोले – नगर आयुक्त
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने मीडिया को बताया कि बिजली विभाग द्वारा भूमिगत केबल डालने का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान सीवर लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। जिससे पानी का रिसाव शुरू हुआ और लगातार मिट्टी का कटाव होने के कारण सड़क अचानक धंस गई। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों की टीम संयुक्त रूप से मरम्मत कार्य में जुटी हुई है। मौके का निरीक्षण करने पहुंचे महापौर डॉ. उमेश गौतम ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सड़क धंसने के लिए जिम्मेदार विभाग की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि बिजली विभाग के कार्य के कारण यह नुकसान हुआ है, तो सड़क की मरम्मत पर आने वाला पूरा खर्च उसी विभाग से वसूला जाएगा।
राहगीरों की बढ़ी दिक्कत
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मरम्मत कार्य पूरा होने तक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। फिलहाल नगर निगम की टीम युद्धस्तर पर सड़क को दुरुस्त करने में लगी हुई है, ताकि जल्द से जल्द यातायात सामान्य किया जा सके।
