Bareilly News : दो हत्याओं से दहला बरेली! मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यापारी की चाकुओं से गोदकर हत्या, रात में विवाद के बाद तालाब में मिला युवक का शव
भोजीपुरा में 65 वर्षीय व्यापारी की बेरहमी से ली जान, संपत्ति विवाद के एंगल पर जांच, दोनों मामलों में पुलिस कर रही है हर पहलू पर जांच
बरेली : यूपी के बरेली में शुक्रवार सुबह दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले 65 वर्षीय किराना व्यापारी की अज्ञात बदमाशों ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी, जबकि आंवला थाना क्षेत्र में रात से लापता 22 वर्षीय युवक का शव सुबह तालाब में मिला। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यापारी की चाकुओं से हत्या

देहात के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के धौरा टांडा वार्ड नंबर-1 निवासी सियाराम श्रीवास्तव (65 वर्ष) शुक्रवार सुबह रोज की तरह टहलने निकले थे। सुबह करीब सात बजे विवियापुर रोड से गुजर रहे एक ई-रिक्शा चालक ने सड़क किनारे खून से लथपथ शव देखा और पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान सियाराम श्रीवास्तव के रूप में की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उनके शरीर पर चाकुओं के कई गहरे घाव थे। इसमें हत्या की आशंका मजबूत हुई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
संपत्ति विवाद के एंगल पर जांच
मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि हाल ही में मकान से जुड़े एक पुराने मुकदमे का फैसला उनके पक्ष में आया था। इसी आधार पर पुलिस संपत्ति विवाद और पुरानी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आंवला में तालाब में मिला युवक का शव

उधर, आंवला थाना क्षेत्र के मनोना गांव में 22 वर्षीय अमन का शव शुक्रवार सुबह गांव के बाहर एक तालाब में मिला। अमन गुरुवार रात से लापता था और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। सुबह ग्रामीणों ने तालाब में शव देखा तो पुलिस को सूचना दी।
रात में हुआ था विवाद, हर एंगल पर जांच
परिजनों के अनुसार गुरुवार रात शराब की भट्टी के पास अमन का किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था।इसके बाद वह कुछ देर के लिए घर आया, फिर दोबारा बाहर चला गया और वापस नहीं लौटा। सुबह तालाब में उसका शव मिलने के बाद परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी बीनू सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हादसा, आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
दो घटनाओं से जिले में सनसनी
एक ही दिन में हत्या और संदिग्ध मौत की दो घटनाओं से जिले में सनसनी फैल गई। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद ही घटनाओं के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
