200 मीटर दूर पेट्रोल पंप होने से बढ़ी चिंता, बिजली काटी गई, ट्रैफिक रोका गया, हाइड्रा से हटाया गया टैंकर
बरेली : शहर के संजय नगर चौराहे के पास सोमवार को सीएनजी सिलेंडरों से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद सिलेंडरों से गैस रिसाव शुरू होने पर पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना स्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप होने के कारण स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने तत्काल इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई, यातायात रोक दिया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंकर चालक वाहन में फंस गया था। आसपास मौजूद लोगों और वाहन चालकों ने शीशा तोड़कर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। बताया गया कि हादसे के बाद टैंकर के गैस वाल्व दब जाने से लगातार गैस रिसाव हो रहा था। इससे रिसाव रोकने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। फायर ब्रिगेड की दो दमकल गाड़ियां मौके पर तैनात रहीं, और कई घंटे तक पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट बनाए रखा गया।
ट्रैफिक किया बंद
सुरक्षा के मद्देनजर संजय नगर चौराहे के आसपास का यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया।अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस और फायर विभाग की संयुक्त टीम ने गैस रिसाव पर काबू पाने के लिए लगातार अभियान चलाया।अधिकारियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से किसी बड़े हादसे को टाल दिया गया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बारिश के कारण सड़क क्षतिग्रस्त होने से टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर हल्द्वानी से खाली सीएनजी सिलेंडर लेकर लौट रहा था। हालांकि, सिलेंडर खाली थे, लेकिन उनमें दबाव होने के कारण गैस का रिसाव होने लगा।
हाइड्रा की मदद से हटाया टैंकर
इस घटना के बाद भारी वाहन (हाइड्रा) की मदद से टैंकर को हटाया गया और काफी देर बाद यातायात सामान्य कराया गया।प्रशासन का कहना है कि समय रहते बचाव कार्य शुरू होने और सुरक्षा मानकों का पालन किए जाने से संभावित बड़े गैस विस्फोट और जनहानि को टाल दिया गया। हालांकि, हादसे की जांच की जा रही है।
