बरेली: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बरेली में मिलावटी और नियमों के खिलाफ खाद्य कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मठ की चौकी के पास स्थित गोयल फूड्स के गोदाम पर छापा मारा। जांच के दौरान कई अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने करीब 3,729 किलो रिफाइंड तेल से भरे 249 टीन सीज कर दिए। जब्त किए गए तेल की कीमत करीब 5.59 लाख रुपये बताई गई है। मामले में नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
शिकायत के बाद गोदाम पर पहुंची टीम, लाइसेंस को लेकर मिली गड़बड़ी
खाद्य सुरक्षा विभाग को शिकायत मिलने के बाद गोयल फूड्स के गोदाम पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान जीएसटी विभाग की टीम भी मौजूद रही। जांच में पता चला कि जिस स्थान पर रिफाइंड तेल की रीपैकिंग की जा रही थी, वहां का फूड लाइसेंस उपलब्ध नहीं कराया जा सका। अधिकारियों के अनुसार कंपनी का लाइसेंस ब्रह्मपुरा, प्रेमनगर के पते पर बना है, जबकि वहां कोई संचालन नहीं हो रहा था।
तीन ब्रांड के तेल के नमूने लिए, लेबल में मिली कई खामियां
निरीक्षण के दौरान चारमीनार ब्रांड के 153 टीन, न्यूट्री गोल्ड के 53 टीन और वीटा गोल्ड के 43 टीन मिले। तीनों ब्रांड के एक-एक नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए। जांच में यह भी सामने आया कि टीन पर निर्माता का पूरा पता, बैच नंबर और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज नहीं थी, जो खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है।
करीब साढ़े पांच लाख का तेल सीज
अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने 249 टीन रिफाइंड तेल सीज कर दिया। जब्त किए गए तेल का कुल वजन 3,729 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 59 हजार रुपये बताई गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम -2006 के तहत संबंधित फर्म के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
