गोंडा : जिले के नंदिनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद उन्होंने देश और प्रदेश से जुड़े कई समसामयिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। बृजभूषण शरण सिंह ने अयोध्या की हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़े जाने के दावे को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे तथ्यात्मक रूप से गलत बताया। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़े जाने की बात सही नहीं है और इस तरह के दावों से बचना चाहिए।
हनुमानगढ़ी निर्माण को लेकर भी दिया बयान
हनुमानगढ़ी में नमाज के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि इस मंदिर के निर्माण में एक मुस्लिम व्यक्ति का भी योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि उस व्यक्ति द्वारा लगवाए गए पत्थर आज भी मंदिर में मौजूद हैं। हालांकि उन्होंने उस व्यक्ति का नाम याद नहीं होने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक तथ्यों को सही तरीके से समझना चाहिए और बिना प्रमाण के किसी भी विषय पर बयान देना उचित नहीं है।
राम मंदिर चंदा मामले में प्रधानमंत्री को जिम्मेदार ठहराने पर जताई आपत्ति
श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में कथित गड़बड़ी के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार ठहराए जाने वाले बयान पर भी बृजभूषण शरण सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि राम मंदिर निर्माण और उससे जुड़े कार्यों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कोई सीधा संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी आरोप से पहले तथ्यों को समझना जरूरी है।
जौहर यूनिवर्सिटी और धार्मिक मुद्दों पर बोले- कानून करेगा फैसला
आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर चल रही कार्रवाई को लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि यदि कोई निर्माण अवैध पाया जाता है तो प्रशासन कानून के अनुसार कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि वहां कुछ भवनों को लेकर सवाल उठाए गए हैं। ऐसे मामलों में अंतिम फैसला नियम और कानून के आधार पर ही होना चाहिए। श्रीकृष्ण जन्मभूमि और मौलाना जर्जिस के बयान से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि हर विषय पर प्रतिक्रिया देना जरूरी नहीं होता। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में एक-दूसरे को आहत करने वाले बयान देने की प्रवृत्ति बढ़ रही है।
सोनम वांगचुक से की भूख हड़ताल खत्म करने की अपील
दिल्ली में सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल को लेकर भी बृजभूषण शरण सिंह ने अपनी बात रखी। उन्होंने अपील की कि उनकी बात सरकार तक पहुंच चुकी है, इसलिए अब उन्हें आंदोलन समाप्त कर सरकार के फैसले का इंतजार करना चाहिए। इससे पहले नंदिनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मनकापुर, छपिया, वजीरगंज और नवाबगंज ब्लॉक के हजारों मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
