बरेली: यूपी के बरेली देहात की बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुरसौली में एक अनुसूचित जाति की महिला ने गांव के तीन युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रधान के घर गई थी महिला, लौटते समय वारदात का आरोप
जानकारी के अनुसार, करीब 30 वर्षीय पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसका पति दिव्यांग (मूक-बधिर) है और मजदूरी के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। आरोप है कि 6 जुलाई की दोपहर वह गांव की प्रधान के घर गैस कनेक्शन की जानकारी लेने गई थी। वहां प्रधान के पुत्र समेत कुछ युवक मौजूद थे, जिन्होंने प्रधान के घर पर न होने की बात कहकर उसे बाद में आने के लिए कहा। पीड़िता का आरोप है कि वापस लौटते समय तीनों आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया और जबरन एक मकान के अंदर ले जाकर तमंचे के बल पर बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
वीडियो बनाने और वायरल करने की धमकी का आरोप
महिला का आरोप है कि घटना के दौरान आरोपियों ने उसका वीडियो भी बना लिया। विरोध करने पर जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया गया और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। साथ ही शिकायत करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने आरोपियों को प्रभावशाली बताते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस बोली- साक्ष्यों के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, थाना बहेड़ी में प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। यह मामला पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
