बूथ लेवल अधिकारियों से किया संवाद, बोले- मतदाता सूची से लेकर मतगणना तक हर प्रक्रिया में पारदर्शिता
मुरादाबाद: भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मुरादाबाद दौरे के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ), बूथ लेवल सुपरवाइजर्स और सहायक निर्वाचन अधिकारियों (एआरओ) के साथ संवाद किया। उन्होंने भारतीय चुनाव प्रणाली की पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर जोर देते हुए कहा कि देश की चुनावी प्रक्रिया दुनिया के लिए एक उदाहरण है।
ज्ञानेश कुमार ने कहा कि भारत की चुनाव प्रणाली में मतदाता सूची तैयार करने से लेकर मतदान और मतगणना तक की सभी प्रमुख प्रक्रियाएं राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की निगरानी एवं सहभागिता में संपन्न होती हैं। यही कारण है कि भारतीय चुनाव व्यवस्था को पारदर्शी और सक्षम माना जाता है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और चुनाव आयोग की मजबूत व्यवस्था इसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में भारत संबंधित वैश्विक लोकतांत्रिक मंच की अध्यक्षता भी कर रहा है, जो देश की चुनावी प्रणाली पर दुनिया के विश्वास को दर्शाता है।
ज्ञानेश कुमार ने कहा कि लंबे समय बाद मुरादाबाद आने का अवसर मिला। उन्होंने शहर के विकास की सराहना करते हुए कहा कि यहां के लोगों से संवाद कर उन्हें अच्छा लगा और शहर में हुए बदलाव स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं।
रिपोर्ट : रेहान, मुरादाबाद