बरेली : शहर के सीबीगंज क्षेत्र स्थित सुप्रियर इंडस्ट्रीज लिमिटेड (शराब फैक्ट्री) में काम करने वाले दलित कर्मचारी सत्यपाल सागर की फैक्ट्री के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर हत्या का आरोप लगाया। इस मामले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में भीम आर्मी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
काम को लेकर हुआ विवाद,हत्या का लगाया आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि काम को लेकर सत्यपाल सागर का फैक्ट्री के सुपरवाइजर, प्रोडक्शन मैनेजर, कुलदीप और फैक्ट्री मालिक से विवाद हुआ था। उनका कहना है कि विवाद के दौरान सत्यपाल को जातिसूचक शब्द कहे गए और उन्हें कन्वेयर बेल्ट की ओर धक्का दे दिया गया। आरोप है कि बेल्ट में दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
भीम आर्मी ने फैक्ट्री के बाहर किया प्रदर्शन
इस घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन फैक्ट्री के बाहर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। कुछ ही देर में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के प्रदेश महासचिव विकास बाबू एडवोकेट, मंडल अध्यक्ष सुशील कुमार गौतम, जिला उपाध्यक्ष सैम मैसी, महानगर अध्यक्ष रियाज अहमद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने शव को मौके पर रखकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने कार्रवाई का दिया भरोसा
इस मौके पर पहुंचे सीओ द्वितीय नितिन कुमार ने प्रदर्शन कर रहे लोगों और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। वहीं, मृतक के परिजन इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं और सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।
