पत्नी को मायके से वापस बुलाने की जिद पर अड़ा नगर पंचायत कर्मी, पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
बदायूं: जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर पंचायत का एक कर्मचारी पत्नी को वापस बुलाने की मांग को लेकर पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गया। युवक ने नीचे उतरने से इनकार करते हुए टंकी से कूदने की धमकी दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की पत्नी किसी बात से नाराज होकर मायके चली गई है। युवक लगातार उसे वापस ससुराल बुलाने की मांग कर रहा था। जब बात नहीं बनी तो उसने नगर पंचायत कार्यालय परिसर स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही इस्लामनगर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कई घंटे तक युवक को समझाने का प्रयास किया जाता रहा। पुलिस लगातार बातचीत के जरिए उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश कर रही है।
युवक के टंकी पर चढ़ने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है ताकि रेस्क्यू अभियान में किसी तरह की बाधा न आए।
समाचार लिखे जाने तक युवक पानी की टंकी पर ही मौजूद था। पुलिस और प्रशासन उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटे हुए हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।