रास्ते में गाड़ी खड़ी करने के विवाद में हुई थी मारपीट, इलाज के दौरान युवक की मौत; पोस्टमार्टम के बाद प्रदर्शन और सड़क जाम
बदायूं: जरीफनगर थाना क्षेत्र के कादरचौक गांव में रास्ते में गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में घायल युवक हरिओम की मौत के बाद मंगलवार को तनाव की स्थिति बन गई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर कुछ बाहरी लोगों पर ग्रामीणों को उकसाकर सड़क जाम कराने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि हत्या के मामले में छह नामजद आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, 12 और 13 जुलाई की रात गांव कादरचौक में दो पक्षों के बीच रास्ते में वाहन खड़ा करने को लेकर कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। इस दौरान हरिओम, जोगेंद्र और रामानंद पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल हरिओम की उपचार के दौरान मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव लाया गया तो अन्य जनपदों से आए कुछ लोगों ने ग्रामीणों को उकसाकर सड़क जाम कर दिया। करीब पांच घंटे तक चले इस जाम के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर दबाव बनाने के उद्देश्य से पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास भी किया। इस मामले में अलग से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। फिलहाल तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, समझाइश के बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया। वर्तमान में क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। मृतक का अंतिम संस्कार परिजनों की सहमति से संपन्न करा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट : राजा खान,बदायूं