भाजपा पर सपा प्रमुख का तीखा हमला, बोले- जनता अब बहकावे में नहीं आएगी, 2027 में देगी जवाब
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने एक ओर अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा और आभूषणों की कथित गड़बड़ी, महंगाई, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और किसानों के मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा, वहीं दूसरी ओर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से आमरण अनशन समाप्त करने की भावुक अपील भी की। सपा मुख्यालय से जारी बयान में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार, अन्याय, अपराध और लूट चरम पर है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर में चढ़ावे और आभूषणों से जुड़े विवाद ने करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाई है और इस मामले पर भाजपा नेतृत्व को जवाब देना चाहिए।
देश की अर्थव्यवस्था की कमजोर
उन्होंने दावा किया कि जनता अब भाजपा की कार्यशैली को समझ चुकी है और वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उसे सत्ता से बाहर कर देगी। अखिलेश यादव ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हुई है, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा और खाद, बीज, बिजली तथा डीजल-पेट्रोल जैसी आवश्यक चीजों की लागत लगातार बढ़ रही है।
अदालतों में नहीं मिल रहा न्याय
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और गरीबों को थाने, तहसील और अदालतों में न्याय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने फर्जी एनकाउंटर और हिरासत में मौतों का भी मुद्दा उठाते हुए भाजपा सरकार के “जीरो टॉलरेंस” के दावे पर सवाल खड़े किए। सपा प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा धर्म के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति करती है और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा जनकल्याण की व्यवस्थाओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्र, किसान, व्यापारी, मजदूर और नौजवान सभी परेशान हैं।
आरक्षण, संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर खतरा
सपा प्रमुख ने कहा-आरक्षण, संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर खतरा मंडरा रहा है। इसी दौरान अखिलेश यादव ने पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से अपना आमरण अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि उनका जीवन देश और दुनिया के लिए बेहद मूल्यवान है। उन्होंने कहा कि वांगचुक मानवता, पर्यावरण और लोकतंत्र के लिए संघर्ष का प्रतीक हैं और उनका जीवन सुरक्षित रहना चाहिए।अखिलेश यादव ने अपने संदेश में भाजपा सरकार पर असंवेदनशील होने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे संघर्ष को जारी रखने के लिए वांगचुक का स्वस्थ रहना अधिक जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सोनम वांगचुक आगे भी लोकतंत्र, पर्यावरण और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में देशवासियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
