सपा प्रमुख ने गोरखपुर के जलभराव पर कहा -जब तक भाजपा का राज, छोड़ो कार, रखो नाव तैयार, एथनॉल नीति और कानून-व्यवस्था को सरकार पर साधा निशाना
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर एक साथ तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया और पार्टी के आधिकारिक बयान के जरिए कानून-व्यवस्था, जलभराव, एथनॉल नीति और कथित जमीन कब्जाने के मामलों को लेकर सरकार को घेरा। भाजपा के एक जिला उपाध्यक्ष पर जमीन कब्जाने के मामले में मुकदमा दर्ज होने की खबर पर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए लिखा, “जहाँ हो रही ज़मीन-क़ब्ज़ाई, वहाँ निकलेगा एक भाजपाई।
जब तक भाजपा का राज, छोड़ो कार, रखो नाव तैयार
इसके अलावा गोरखपुर में जलभराव का वीडियो साझा करते हुए उन्होंने भाजपा सरकार के स्मार्ट सिटी दावों पर सवाल उठाया। उन्होंने लिखा, “ये गोरखपुर है-मुख्यनगरी, स्मार्ट सिटी। जब तक ‘भाजपा’ का राज, छोड़ो कार, रखो नाव तैयार।” एथनॉल मिश्रित ईंधन को लेकर जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि “एथनॉल मुनाफाखोरी का नया नाम है।” उनका आरोप है कि इससे वाहनों की माइलेज घट रही है, रखरखाव का खर्च बढ़ रहा है, इंजन जल्दी खराब हो रहे हैं और आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
जनता के सवालों का जवाब दे सरकार
उन्होंने सरकार से एथनॉल नीति पर पारदर्शिता बरतने और जनता के सवालों का जवाब देने की मांग की। कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार को निशाने पर लिया। बलिया में पुलिस हिरासत में दलित युवक की मौत और मेरठ की घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में गरीबों, दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था बिगड़ चुकी है और जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
