सैंजनी गांव में कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला शव, आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
बदायूं: जिले के मुसाझाग थाना क्षेत्र के सैंजनी गांव में HPCL प्लांट में कार्यरत एक हाउसकीपर ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 32 वर्षीय रवि कुमार पुत्र छोटे लाल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
परिजनों के अनुसार, रवि कुमार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकले। कई बार आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जब दरवाजा खोला गया तो रवि का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
रवि कुमार मूल रूप से सहसवान कस्बे के बजरिया मोहल्ले के निवासी थे, लेकिन बचपन से सैंजनी गांव में रह रहे थे। वह HPCL प्लांट में हाउसकीपर के पद पर कार्यरत थे और परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे।
मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक की लहर है। परिजनों का कहना है कि रवि शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और उन्होंने कभी किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया।
मुसाझाग थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।