मुरादाबाद में आरएलडी कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, बोले- कांवड़ यात्रा करोड़ों हिंदुओं की आस्था का सबसे बड़ा पर्व
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कांवड़ यात्रा को लेकर बड़ा बयान दिया है। मुरादाबाद में आयोजित राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे मंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा लाखों-करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है और किसी भी कीमत पर श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए।
‘मुजफ्फरनगर मार्ग सबसे अधिक प्रभावित’
मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि हरिद्वार से जल लेकर आने वाले कांवड़ियों की सबसे अधिक आवाजाही मुजफ्फरनगर मार्ग पर होती है। ऐसे में यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
‘नॉनवेज की दुकानें खुद बंद होनी चाहिए’
दुकानों और होटलों की पहचान उजागर करने तथा यात्रा मार्ग पर नॉनवेज दुकानों को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि यह आस्था का विषय है। उन्होंने कहा कि जहां से धार्मिक यात्राएं गुजरती हैं, वहां नॉनवेज की दुकानें अपने आप बंद हो जानी चाहिए। यह पहले से चली आ रही व्यवस्था और नियमों का हिस्सा है।
सरकार पहले ही जारी कर चुकी है निर्देश
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा को लेकर सरकार पहले से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर चुकी है। यात्रा के दौरान पूजा-पाठ और धार्मिक आयोजनों में किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और सभी को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सहयोग करना चाहिए।
रिपोर्ट: रेहान, मुरादाबाद
