बीसलपुर राजकीय डिग्री कॉलेज में निर्माण कार्य पर उठे सवाल, विधायक ने डीएम को फोन कर उच्चस्तरीय जांच की मांग की
पीलीभीत: बीसलपुर स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज में करीब 3 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से बन रही नई बिल्डिंग के निर्माण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। निर्माण कार्य में घटिया सामग्री और नियमों की अनदेखी के आरोप लगने पर क्षेत्रीय भाजपा विधायक विवेक कुमार वर्मा ने मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया और निर्माण कार्य तत्काल रुकवा दिया।
घटिया ईंटें देख नाराज हुए विधायक

निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण में इस्तेमाल हो रही पीली और कमजोर ईंटों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने ईंटों को हाथ में लेकर जांच की और उन्हें आपस में टकराकर उनकी मजबूती भी परखी। खराब गुणवत्ता देखकर विधायक ने ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई और निर्माण कार्य पर कड़ी नाराजगी जताई।
डीएम को फोन कर मांगी जांच
मौके से ही विधायक विवेक वर्मा ने पीलीभीत के जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह से फोन पर बात की। उन्होंने निर्माण कार्य में कथित धांधली और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराने की मांग की। विधायक ने कहा कि सरकारी धन की बर्बादी और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
विधायक ने स्पष्ट कहा कि जांच में यदि निर्माण कार्य में अनियमितता या घटिया सामग्री के इस्तेमाल की पुष्टि होती है, तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी। फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
रिपोर्ट: ऋतिक द्विवेदी, पीलीभीत
