पीली कोठी से जैन मंदिर रोड का बताया जा रहा वीडियो, चलती स्कूटी पर स्टंट कर युवक ने सड़क सुरक्षा नियमों की उड़ाईं धज्जियां
मुरादाबाद: बारिश के बीच मौज-मस्ती के नाम पर जान जोखिम में डालने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक तेज रफ्तार से दौड़ रही स्कूटी पर खड़े होकर डांस और खतरनाक स्टंट करता दिखाई दे रहा है।
चलती स्कूटी पर खड़े होकर किया स्टंट
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क पर तेज गति से दौड़ रही स्कूटी पर एक युवक खड़ा होकर स्टंट कर रहा है। इस दौरान वह संतुलन खोने की परवाह किए बिना डांस करता नजर आता है, जबकि स्कूटी सड़क पर लगातार आगे बढ़ रही है।
राहगीरों की जान भी पड़ी खतरे में
इस तरह का स्टंट न सिर्फ युवक की जान के लिए खतरनाक है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी बड़ा खतरा बन सकता है। बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी होने के बावजूद लापरवाही साफ दिखाई दे रही है।
सिविल लाइन क्षेत्र का बताया जा रहा वीडियो
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो मुरादाबाद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित पीली कोठी से जैन मंदिर रोड का है। हालांकि, वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस कार्रवाई का इंतजार
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग ऐसे स्टंट करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। यदि वीडियो की पुष्टि होती है तो पुलिस मोटर वाहन अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर सकती है।
रिपोर्ट : रेहान, मुरादाबाद
