बरेली : शहर की कैंट थाना पुलिस ने धार्मिक नारे लगवाकर वीडियो वायरल करने, मारपीट और रंगदारी वसूलने के चर्चित मामले में फरार चल रहे आरोपी भारत को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी काफी समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था, और उसके खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट भी जारी था।पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
धार्मिक नारे लगवाकर बनाया था वीडियो
यह मामला 29 मार्च 2026 का है। पुलिस के अनुसार, सदर बाजार निवासी विजेंद्र की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में आरोप है कि ऋषभ ठाकुर और उसके साथियों ने शोएब अली के साथ मारपीट की थी। आरोपियों ने कथित तौर पर पीड़ित से जबरन धार्मिक नारे लगवाए, उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इतना ही नहीं, जान से मारने की धमकी देकर उससे सात हजार रुपये नकद और दो हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराकर कुल नौ हजार रुपये की रंगदारी भी वसूलने का आरोप है।
मुख्य आरोपी पहले ही जा चुका है जेल
यह घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी ऋषभ ठाकुर और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, भारत लगातार फरार चल रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सब इंस्पेक्टर राजीव पटेल ने पुलिस टीम के साथ उज्ज्वल कॉलोनी के सामने स्थित मैदान में घेराबंदी कर भारत निवासी ग्राम चैत गोटिया, थाना कैंट को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
आपराधिक रिकॉर्ड की जांच जारी, अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस
कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर ने मीडिया को बताया कि गिरफ्तार आरोपी भारत यादव के खिलाफ पहले से भी एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले अन्य लोगों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है। मामले से जुड़े मोबाइल फोन, वायरल वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
