लगातार शिकायतों और खराब विद्युत आपूर्ति के बीच तबादले, अखिलेश कुमार सिंह बने बरेली के नए मुख्य अभियंता
बरेली : यूपी के बरेली में लगातार हो रही बिजली कटौती और उपभोक्ताओं की बढ़ती शिकायतों के बीच मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। विद्युत वितरण खंड प्रथम के मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश और ग्रामीण क्षेत्र के अधीक्षण अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह का तबादला कर दिया गया। विभागीय आदेश के अनुसार, मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश को मध्यांचल मुख्यालय लखनऊ भेजा गया है।
अखिलेश कुमार को पदोन्नत कर सौंपी जिम्मेदारी
उनकी जगह मध्यांचल लखनऊ में तैनात अधीक्षण अभियंता अखिलेश कुमार सिंह को पदोन्नत कर बरेली का नया मुख्य अभियंता बनाया गया है। अखिलेश कुमार सिंह मूल रूप से मिर्जापुर के निवासी हैं। वहीं, ग्रामीण अधीक्षण अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम, आगरा से संबद्ध किया गया है।
लगातार शिकायतों के बाद कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, जिले में पिछले कई सप्ताह से बिजली आपूर्ति व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही थी। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों से बार-बार कटौती, लो-वोल्टेज और शिकायतों के समय पर निस्तारण न होने की शिकायतें विभाग को मिल रही थीं।उपभोक्ताओं के बढ़ते असंतोष को देखते हुए उच्च स्तर पर स्थिति की समीक्षा की गई।
मंत्री और मुख्यमंत्री की बैठकों में उठा था मुद्दा
वन मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना ने भी खराब विद्युत आपूर्ति पर नाराजगी जताई थी। करीब डेढ़ माह पहले सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं होने पर मामला उच्च स्तर तक पहुंचा। बरेली के मुख्य अभियंता और एसई ग्रामीण का भी तबादला किया गया है। CM बैठक के बाद यह एक्शन लिया गया है।
बिजली व्यवस्था पर दो बड़े अफसर हटे
30 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समीक्षा बैठक में भी बिजली आपूर्ति का मुद्दा उठा था। उस दौरान मुख्य अभियंता ने बिजली चोरी को आपूर्ति बाधित होने का एक प्रमुख कारण बताया था। इसके बाद विभाग ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दोनों अधिकारियों का तबादला कर दिया।
बरेली में बिजली संकट पर प्रशासन सख्त
नए मुख्य अभियंता अखिलेश कुमार सिंह की नियुक्ति के बाद उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कटौती कम करने, फॉल्ट निस्तारण तेज करने और शिकायतों के समयबद्ध समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
