‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, भ्रष्टाचार, आरक्षण, कानून व्यवस्था और राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर जमकर बरसे सपा प्रमुख, 2027 के लिए किया बड़ा वादा
प्रयागराज/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रयागराज में आयोजित ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम में भाजपा सरकार पर एक के बाद एक तीखे राजनीतिक हमले किए। “शिक्षा-परीक्षा: क्यों ध्वस्त हुई व्यवस्था” विषय पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने साजिश के तहत शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है और गरीबों के बच्चों को अच्छी शिक्षा से दूर किया जा रहा है।उन्होंने दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, पारदर्शी परीक्षाएं और युवाओं को रोजगार दिया जाएगा।अखिलेश यादव ने कहा कि “शिक्षा अच्छी होगी, परीक्षा अच्छी होगी तो तरक्की पक्की होगी।” उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा ही अच्छे इंसान और मजबूत राष्ट्र की नींव होती है।
KG से PG तक शिक्षा व्यवस्था को बीमार किया
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने केजी से लेकर पीजी तक पूरी शिक्षा व्यवस्था को बीमार बना दिया है। सरकारी स्कूल बंद किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय राजनीति के शिकार हो गए हैं और लगातार पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है।उन्होंने कहा कि लाखों छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार परीक्षाएं रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी के कारण मानसिक तनाव बढ़ रहा है। कई युवाओं ने निराशा में आत्महत्या तक कर ली।
शिक्षकों से पढ़ाई नहीं, चारा इकट्ठा कराया जा रहा
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर शिक्षकों का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षकों से पढ़ाने के बजाय तरह-तरह के गैर-शैक्षणिक काम कराए जा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “शिक्षकों को चारा इकट्ठा करने में भी ड्यूटी लगा दी गई थी।”उन्होंने कहा कि कभी पाठ्यक्रम बदला जाता है, कभी यूनिफॉर्म, तो कभी परीक्षाओं में जातिवादी सवाल पूछे जाते हैं।
12वीं तक समान शिक्षा लागू करेंगे
सपा अध्यक्ष ने घोषणा की कि यदि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनी, तो 12वीं तक समान शिक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी।उन्होंने कहा कि स्कूलों का आधारभूत ढांचा मजबूत किया जाएगा। सभी बच्चों को समान स्तर की किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी और सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों से बेहतर बनाया जाएगा।उन्होंने याद दिलाया कि समाजवादी सरकार ने लाखों छात्रों को लैपटॉप देकर डिजिटल डिवाइड खत्म करने का प्रयास किया था।
नौजवानों की ऊर्जा को आपदा बनने से बचाना होगा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसके युवा हैं, लेकिन यदि उन्हें अच्छी शिक्षा और रोजगार नहीं मिला तो यही ताकत भविष्य में संकट बन सकती है। उन्होंने कहा, “हमारे नौजवानों में इतनी ऊर्जा है कि वे समाज और देश बदल सकते हैं, लेकिन सरकार उनकी क्षमता को बर्बाद कर रही है।”
रिसर्च छोड़ एस्ट्रोलॉजी पर ज्यादा ध्यान

शिक्षा नीति पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को विज्ञान और अनुसंधान को बढ़ावा देना चाहिए, लेकिन वह उल्टा रास्ता अपना रही है। उन्होंने कहा, “जितना हमें एस्ट्रोनॉमी पर ध्यान देना चाहिए, उससे ज्यादा एस्ट्रोलॉजी पर ध्यान दिया जा रहा है।”
निजी क्षेत्र में भी आरक्षण लागू होना चाहिए
आरक्षण के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि निजी क्षेत्र में भी आरक्षण लागू किया जाना चाहिए, ताकि पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों को समान अवसर मिल सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आरक्षण को कमजोर कर रही है और नियुक्तियों में धांधली हो रही है।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर भाजपा पर बड़ा हमला

राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “जो चढ़ावा चोरी कर सकते हैं, वो हमारा वोट भी चोरी कर सकते हैं, सांसद भी चोरी कर सकते हैं। इसलिए जनता को बहुत सावधान रहना पड़ेगा।”उन्होंने आरोप लगाया कि छोटी मछलियों को पकड़ा जा रहा है जबकि बड़ी मछलियों को बचाया जा रहा है।उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा नेशन नहीं, डोनेशन’ की राजनीति करती है और राम मंदिर का चढ़ावा चोरी होना करोड़ों सनातनियों की आस्था के साथ खिलवाड़ है।
भ्रष्टाचार की पाइपलाइन 5 कालिदास तक
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सपा प्रमुख ने कहा कि जल जीवन मिशन से लेकर कई सरकारी योजनाओं में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया, “भ्रष्टाचार की पाइपलाइन सीधे 5 कालिदास मार्ग तक जुड़ी हुई है।” उनका दावा था कि पानी की टंकियां भ्रष्टाचार का भार नहीं सह पा रही हैं और कई योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई हैं।
कानून व्यवस्था और बुलडोजर नीति पर भी हमला

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सबसे ज्यादा बुलडोजर कार्रवाई और फर्जी एनकाउंटर पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के लोगों के खिलाफ हुए हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर सभी को न्याय मिलेगा और आरक्षण तथा सम्मान की रक्षा की जाएगी।
वन नेशन-वन इलेक्शन वाले पंचायत चुनाव नहीं करा पा रहे
भाजपा के वन नेशन-वन इलेक्शन के नारे पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा,”जो लोग वन नेशन-वन इलेक्शन की बात करते थे, वे पंचायत चुनाव तक नहीं करा पा रहे हैं।
नाविकों के लिए मुफ्त नाव देने का वादा
प्रयागराज के नाविक समुदाय का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो समाजवादी सरकार बनने पर नाविकों को मुफ्त या सब्सिडी पर नाव उपलब्ध कराई जाएगी।
मौलाना सलमान हुसैनी नदवी के निधन पर जताया शोक
कार्यक्रम के अंत में अखिलेश यादव ने प्रसिद्ध इस्लामिक विद्वान मौलाना सैय्यद सलमान हुसैनी नदवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि उनका निधन धार्मिक एवं बौद्धिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
