बरेली : यूपी के बरेली देहात के नवाबगंज कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। दो शातिर आरोपियों को चोरी की दो बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे और पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट बदलकर चोरी की बाइक का इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचे
पुलिस के अनुसार 28 और 29 जून की रात नवाबगंज थाना पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गरेम डैम के पास पुलिया के निकट दो युवक चोरी की बाइक बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने सूरज और देशराज को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुईं।
पूछताछ में सामने आया चोरी का नेटवर्क
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने दो अन्य साथियों राज और आदित्य द्विवेदी के साथ मिलकर कई बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। आरोपियों ने खुलासा किया कि गिरोह के सदस्य पहले इलाके की रेकी करते थे और फिर हैंडल लॉक तोड़कर बाइक चोरी कर लेते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि एक बाइक पर फर्जी और बदली हुई नंबर प्लेट लगाई गई थी, ताकि चोरी के वाहनों का इस्तेमाल करते समय पुलिस की नजर से बचा जा सके।
दो चोरी की बाइक बरामद, फरार साथियों की तलाश जारी
पुलिस ने बरामद बाइक की जांच ई-चालान एप के माध्यम से की। इसमें दोनों वाहन चोरी के निकले।एक बाइक नवाबगंज क्षेत्र से चोरी हुई थी, जबकि दूसरी बाइक बरेली शहर के एक वाहन स्वामी की निकली। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि वाहन चोरी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
