भिवंडी में छापेमारी के दौरान प्रश्नपत्र से मेल खाते सवाल मिले, कई लोग हिरासत में
मुंबई: महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 कथित प्रश्नपत्र लीक के बाद रद्द कर दी गई है। रविवार को आयोजित होने वाली परीक्षा से एक दिन पहले भिवंडी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोगों के पास परीक्षा से जुड़े सवाल मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और मामले की जांच शुरू की।
27 जून 2026 की सुबह भिवंडी पुलिस ने संदिग्ध स्थान पर कार्रवाई की। जांच के लिए महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों द्वारा सत्यापन के दौरान पाया गया कि संदिग्धों के पास मौजूद कुछ प्रश्न टीईटी जून 2026 के वास्तविक प्रश्नपत्र से मेल खाते हैं।
प्रारंभिक जांच के बाद भिवंडी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रश्नपत्र कैसे लीक हुआ।
कथित पेपर लीक की पुष्टि के बाद महाराष्ट्र शिक्षा विभाग ने रविवार को आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा को तत्काल प्रभाव से रद्द करने का फैसला लिया। विभाग ने कहा है कि आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद नई परीक्षा तिथि की घोषणा की जाएगी।
शिक्षा विभाग के अनुसार अभ्यर्थियों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। परीक्षा की नई तारीख आधिकारिक तौर पर जल्द घोषित की जाएगी और सभी उम्मीदवारों को इसकी जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाएग