लगातार बिजली कटौती से नाराज लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ की नारेबाजी, मौके पर पहुंची पुलिस
मुरादाबाद : भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान लोगों का गुस्सा आधी रात फूट पड़ा। मझौला क्षेत्र स्थित बुद्धिविहार से जुड़ी बैंक कॉलोनी समेत आसपास के इलाकों के कई दर्जन लोग रात करीब 12 बजे जिलाधिकारी आवास पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
रात 12 बजे डीएम आवास पहुंचे लोग
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि क्षेत्र में दिन और रात लगातार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। बार-बार बिजली जाने से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
नारेबाजी सुन मौके पर पहुंची पुलिस
डीएम आवास के बाहर नारेबाजी की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
रिपोर्ट: रेहान, मुरादाबाद
