नकली सरकारी बीज, एमएसपी, संविधान, ग्राम प्रधानों के मुद्दे और राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर सरकार को घेरा
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भाजपा सरकार पर किसानों, लोकतंत्र, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा विवाद समेत कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों को धोखे के अलावा कुछ नहीं मिला और खराब गुणवत्ता वाले सरकारी बीजों के कारण किसानों की मक्का की फसल प्रभावित हुई है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। अखिलेश यादव ने कहा कि यदि सरकार मुआवजा भी देगी, तो उससे किसानों की लागत पूरी नहीं होगी। उन्होंने किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने की मांग दोहराते हुए कहा कि कृषि व्यवस्था की सफलता अच्छे बीज से शुरू होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि विभाग शिकायतों के बावजूद जिम्मेदारी से बच रहा है और किसान छुट्टा पशुओं से फसल बचाने के लिए भी परेशान हैं। प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा पर लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया।
2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र बचाने का चुनाव
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लोकतंत्र बचाने का चुनाव होगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है। सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों में कमीशनखोरी के आरोप लगाते हुए कहा कि पुल, सड़कें और पानी की टंकियां घटिया निर्माण के कारण गिर रही हैं।उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है तथा जनता अब भाजपा के भाषणों पर भरोसा नहीं कर रही है। अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में इलाहाबाद हाईकोर्ट के ग्राम प्रधानों से जुड़े फैसले का हवाला देते हुए राज्य सरकार पर असंवैधानिक निर्णय लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से ग्राम प्रधानों और ग्रामीण विकास कार्यों पर असर पड़ा है।
अयोध्या चंदा कांड पर सरकार को घेरा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर भी अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर लगातार निशाना साधा। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और कहा कि दोषियों को जवाब देना होगा। उन्होंने इस मुद्दे पर कई राजनीतिक टिप्पणियां भी कीं।इसके अलावा अखिलेश यादव ने छत्रपति शाहू जी महाराज की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा ‘यौम-ए-आशूरा’ के अवसर पर हज़रत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों को नमन किया। साथ ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं से आपसी सम्मान बनाए रखते हुए जनता के बीच सक्रिय रहने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
