कई लोग घायल, भारी पुलिस बल तैनात, 10 लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू
बदायूं: जिले के इस्लामनगर कस्बे में टेम्पो और बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टेम्पो और बाइक की टक्कर के बाद दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई। दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। एसपी देहात और क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने दोनों पक्षों के 10 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
रिपोर्ट: राजा खान,बदायूं