पशुओं के लिए चारा काटते समय हुआ दर्दनाक हादसा, अत्यधिक रक्तस्राव के चलते रास्ते में तोड़ा दम
बदायूँ : जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में किसान की मौत हो गई। पशुओं के लिए चारा काटते समय वह चारा मशीन के पटा की चपेट में आ गया, जिससे उसके दोनों पैर गंभीर रूप से कट गए। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव बस्तुईया निवासी 53 वर्षीय सर्वेश पुत्र प्रभू बुधवार सुबह अपने पशुओं के लिए चारा मशीन से कुट्टी काट रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर मशीन के पटा में फंस गया और देखते ही देखते वह मशीन की चपेट में आ गए।
हादसा इतना भयावह था कि किसान के दोनों पैर गंभीर रूप से कट गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और उन्हें मशीन से बाहर निकाला। उस समय तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुके थे और काफी खून बह चुका था।
परिजन और ग्रामीण घायल किसान को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दहगवां लेकर रवाना हुए। लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना देने लगे।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया पूरी की। ग्रामीणों ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
रिपोर्ट: राजा खान, बदायूं