लखनऊ/बहराइच : यूपी के बहराइच जिले के फरकपुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर नशे की लत ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया। थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ उसके ही सगे भाई द्वारा दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की मां ने बताया कि आरोपी पहले भी कई बार उसकी छोटी बहन के साथ छेड़छाड़ कर चुका था। हर बार परिवार ने सामाजिक शर्मिंदगी और रिश्तों की लाज के चलते मामले को शांत करने की कोशिश की, लेकिन युवक की नशे की लत ने स्थिति को और भयावह बना दिया। मां ने कहा, “हर बार उसे समझाती थी, लेकिन नशा करने के बाद वह सारे रिश्ते भूल जाता था।”उन्होंने पुलिस से इस बार सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि दोबारा कोई ऐसी घिनौनी हरकत करने की हिम्मत न कर सके।
इस संबंध में थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया, “पीड़िता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी घटना के बाद भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ जारी है।”पुलिस ने पीड़िता को आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल) के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है।
![]()
