डीएम अविनाश सिंह ने किया निरीक्षण, फिनिशिंग कार्य के बाद वाहनों के लिए खोला जाएगा पुल
बरेली : शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से मरम्मत कार्य के चलते बंद चल रहे चौपला फ्लाईओवर को 17 जून 2026 से यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। डीएम अविनाश सिंह ने मंगलवार को फ्लाईओवर का स्थलीय निरीक्षण किया और पाया कि मरम्मत कार्य निर्धारित समय से पहले लगभग पूरा हो चुका है।इसके बाद उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंतिम चरण के कार्य पूर्ण होते ही 17 जून से पुल पर वाहनों का संचालन शुरू कर दिया जाए। डीएम ने संबंधित अधिकारियों के साथ फ्लाईओवर पर लगाए गए एक्सपेंशन ज्वाइंट और अन्य मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि वर्तमान में फिनिशिंग और कंक्रीट की तराई का कार्य चल रहा है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
बदायूं-बरेली रोड बंद

गौरतलब है कि बदायूं-बरेली मार्ग पर स्थित चौपला फ्लाईओवर पर मरम्मत और एक्सपेंशन ज्वाइंट लगाने का कार्य 12 मई 2026 से शुरू किया गया था। फ्लाईओवर बंद होने से शहरवासियों को यातायात संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसे देखते हुए डीएम ने पूर्व में बैठक कर संबंधित विभागों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए थे।
मरम्मत कार्य पूरा

अब मरम्मत कार्य लगभग पूरा होने के बाद 17 जून से चौपला फ्लाईओवर पर पहले की तरह यातायात संचालन शुरू हो जाएगा। जिससे शहर के हजारों लोगों को जाम और वैकल्पिक मार्गों की परेशानी से राहत मिलेगी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) देश दीपक सिंह और एनएचएआई के अधिकारी भी मौजूद रहे।
