रुहेलखंड यूनिवर्सिटी ने जारी किया नया शैक्षणिक कैलेंडर, प्रवेश से लेकर परीक्षा और परिणाम तक की पूरी समय-सारिणी तय
बरेली : महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय (एमजेपीआरयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नया एकेडमिक कैलेंडर जारी कर दिया है।विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश प्रक्रिया, कक्षाओं, प्रयोगात्मक और लिखित परीक्षाओं के साथ-साथ परिणाम घोषित करने की समय -सीमा भी निर्धारित कर दी है। नए कैलेंडर का उद्देश्य शैक्षणिक सत्र को समयबद्ध, व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालित करना है। विश्वविद्यालय के अनुसार प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया 25 जुलाई 2026 तक पूरी कर ली जाएगी। संबद्ध महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसर को निर्धारित समय के भीतर दाखिला प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सत्र में किसी प्रकार की देरी न हो।
25 से 31 जुलाई तक होगा दीक्षारंभ कार्यक्रम
नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए 25 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक दीक्षारंभ (इंडक्शन) कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान छात्रों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली, पाठ्यक्रम, विभिन्न गतिविधियों और उच्च शिक्षा के वातावरण से परिचित कराया जाएगा।
27 जुलाई से शुरू होगा नियमित शिक्षण कार्य
विश्वविद्यालय प्रशासन ने 27 जुलाई, 2026 से सभी संकायों और पाठ्यक्रमों में नियमित कक्षाएं शुरू करने का निर्णय लिया है।निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार शिक्षण कार्य संचालित किया जाएगा, जिससे पूरे सत्र को तय समय पर पूरा किया जा सके।
10 नवंबर तक होंगी प्रैक्टिकल परीक्षाएं
प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 10 नवंबर, 2026 तक आयोजित की जाएंगी।इसके बाद लिखित परीक्षाओं की प्रक्रिया शुरू होगी। विश्वविद्यालय ने छात्रों को बेहतर तैयारी का अवसर देने के लिए प्रैक्टिकल और लिखित परीक्षाओं के बीच पर्याप्त अंतराल रखने की योजना बनाई है।
11 दिसंबर तक पूरी होंगी सेमेस्टर परीक्षाएं
जारी कैलेंडर के अनुसार प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 11 दिसंबर 2026 तक संपन्न कर ली जाएंगी।वहीं तृतीय, पंचम और सप्तम सेमेस्टर की शिक्षण अवधि 31 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इन सेमेस्टरों की परीक्षाएं 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित होंगी।
3 जनवरी 2027 तक जारी होंगे परिणाम
विश्वविद्यालय ने परीक्षा परिणाम घोषित करने के लिए भी स्पष्ट समय-सीमा तय की है। कुलसचिव महेंद्र कुमार के अनुसार सभी सेमेस्टरों के परिणाम 3 जनवरी 2027 तक जारी करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि अगले शैक्षणिक सत्र की प्रक्रिया समय पर शुरू हो सके और विद्यार्थियों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
15 दिन का शीतकालीन अवकाश घोषित
एमजेपीआरयू प्रशासन ने इस बार 15 दिनों का शीतकालीन अवकाश भी घोषित किया है। यह अवकाश 21 दिसंबर 2026 से 3 जनवरी 2027 तक रहेगा। अवकाश समाप्त होने के बाद विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां फिर से शुरू कर दी जाएंगी।
समयबद्ध सत्र संचालन पर जोर
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि नया शैक्षणिक कैलेंडर राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप समयबद्ध शैक्षणिक सत्र सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्रवेश, शिक्षण, परीक्षा और परिणाम की प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी हो सकेगी, जिससे छात्रों को लाभ मिलेगा।
