बदायूं : जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर कलां निवासी जितेंद्र उर्फ बंडा बुधवार को सहसवान तहसील परिसर में बने ओवरहेड पानी के टैंक पर चढ़ गया। युवक के टैंक पर चढ़ने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गए।
बताया जा रहा है कि जितेंद्र का गांव के प्रधान गंगाधर से ग्राम समाज की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। युवक का आरोप है कि प्रधान ने ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है और इसकी शिकायत उसने तहसील प्रशासन से की थी। शिकायत के बाद से ही आरोपी उससे रंजिश मानने लगा और उसके करीब 50 साल पुराने मकान को ग्राम सभा की भूमि पर बना बताकर उसके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करा दी गई।
युवक ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले उस पर जानलेवा हमला किया गया था, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसी बात से नाराज होकर वह तहसील परिसर स्थित ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया और न्याय की मांग करने लगा।
घटना की जानकारी मिलते ही सहसवान तहसील परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने तत्काल मौके को घेर लिया और प्रशासनिक अधिकारियों ने युवक से बातचीत शुरू की। करीब दो घंटे तक युवक टंकी पर डटा रहा। इस दौरान उसने कई बार ऊपर से कूदने की धमकी भी दी और रेलिंग पकड़कर लटकने का प्रयास किया, जिससे मौके पर मौजूद अधिकारियों और लोगों की सांसें थम गईं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम और एंबुलेंस को भी मौके पर बुला लिया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार युवक को समझाने और शांत कराने की कोशिश करते रहे। अधिकारियों ने उसे भरोसा दिलाया कि उसकी शिकायत की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी। दोपहर करीब दो बजे तक युवक टंकी से नीचे नहीं उतरा था और प्रशासनिक टीम लगातार उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में लगी हुई थी। तहसील परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई थी ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शिकायतों का समय पर समाधान हो जाए तो लोगों को इस तरह के खतरनाक कदम उठाने की नौबत न आए।
