8 से 10 जून तक कई पैसेंजर, एक्सप्रेस और डेमू ट्रेनें रहेंगी प्रभावित, यात्रा से पहले यात्री जरूर जांच लें टाइमिंग
बरेली : उत्तर प्रदेश पुलिस परीक्षा के मद्देनजर पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने 8, 9 और 10 जून 2026 को कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। रेलवे प्रशासन ने परीक्षा अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ और विशेष ट्रेनों के संचालन को देखते हुए विभिन्न रेलखंडों पर चलने वाली पैसेंजर, एक्सप्रेस और डेमू ट्रेनों को पुनर्निर्धारित (री-शेड्यूल) और नियंत्रित (रेगुलेट) करने का निर्णय लिया है। रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बरेली, कासगंज, मथुरा, कानपुर, फर्रुखाबाद, पीलीभीत और टनकपुर रूट की कई प्रमुख ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से चलाई जाएंगी। ऐसे में यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारिणी की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
इन ट्रेनों का बदला गया समय
रेलवे प्रशासन के अनुसार 55330 बरेली जंक्शन-कासगंज सवारी गाड़ी को बरेली से 45 मिनट देरी से शाम 6:10 बजे चलाया जाएगा। वहीं 15061 कासगंज-लालकुआं एक्सप्रेस को 40 मिनट पुनर्निर्धारित कर शाम 6:00 बजे रवाना किया जाएगा।
20 मिनट देरी से चलेगी कासगंज-भरतपुर ट्रेन
इसके अलावा 55335 कासगंज-मथुरा पैसेंजर ट्रेन 80 मिनट देरी से दोपहर 1:00 बजे, जबकि 55337 कासगंज-भरतपुर पैसेंजर ट्रेन 20 मिनट देरी से शाम 6:00 बजे संचालित होगी। मथुरा और अछनेरा रूट की ट्रेनों में भी बदलाव किया गया है। 55332 अछनेरा-कासगंज पैसेंजर ट्रेन मथुरा जंक्शन से 100 मिनट देरी से दोपहर 12:50 बजे तथा 05061 अछनेरा-टनकपुर विशेष गाड़ी मथुरा से 120 मिनट देरी से शाम 6:20 बजे चलाई जाएगी।
पीलीभीत और टनकपुर रूट की ट्रेनें भी प्रभावित
75303 बरेली सिटी-पीलीभीत डेमू को 40 मिनट पुनर्निर्धारित कर शाम 6:10 बजे चलाया जाएगा। 55085 पीलीभीत-डालीगंज पैसेंजर ट्रेन भी 40 मिनट देरी से शाम 6:00 बजे रवाना होगी। वहीं 75302 टनकपुर-पीलीभीत डेमू को पीलीभीत स्टेशन पर 35 मिनट नियंत्रित कर शाम 6:00 बजे संचालित किया जाएगा।
कानपुर और फर्रुखाबाद रूट पर भी असर
15038 कासगंज-कानपुर अनवरगंज एक्सप्रेस 15 मिनट देरी से चलेगी। 55344 कासगंज-फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेन 35 मिनट पुनर्निर्धारित कर शाम 6:00 बजे रवाना होगी। 55345 लखनऊ-कासगंज सवारी गाड़ी को कानपुर अनवरगंज और फर्रुखाबाद के बीच 65 मिनट नियंत्रित किया जाएगा तथा फर्रुखाबाद से दोपहर 1:00 बजे चलाया जाएगा। 54156 फर्रुखाबाद-कानपुर सेंट्रल पैसेंजर ट्रेन को 180 मिनट यानी 3 घंटे पुनर्निर्धारित कर दोपहर 12:55 बजे चलाया जाएगा। वहीं 55346 कासगंज-कानपुर अनवरगंज सवारी गाड़ी को नियंत्रित कर फर्रुखाबाद से शाम 6:00 बजे संचालित किया जाएगा। इसके अलावा 15037 कानपुर अनवरगंज-कासगंज एक्सप्रेस 95 मिनट देरी से दोपहर 1:15 बजे रवाना होगी। 54155 कानपुर सेंट्रल-फर्रुखाबाद सवारी गाड़ी 8 और 9 जून को 145 मिनट पुनर्निर्धारित कर शाम 5:50 बजे चलाई जाएगी।
रेलवे ने यात्रियों से की अपील
पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस परीक्षा के दौरान यात्रियों और अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह अस्थायी व्यवस्था की गई है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले ही अपनी ट्रेन की अद्यतन समय-सारिणी की जानकारी।अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
