हत्या का मुकदमा दर्ज, आरोपी हिरासत में
लखनऊ/ अयोध्या : यूपी का अयोध्या एक बार फिर एक दर्दनाक घटना का गवाह बना है। यहां प्रॉपर्टी के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की जान ले ली गई। आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलरों ने युवक निखिल निषाद को स्कॉर्पियो से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। इस हादसे में उसके दो दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। यह वारदात अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के रामपुर हलवारा गांव और अकबरपुर रोड के बीच हुई। मृतक युवक की पहचान निखिल निषाद निवासी सोनेसा, थाना महाराजगंज के रूप में हुई। निखिल अपने दो दोस्तों के साथ प्रॉपर्टी से जुड़ा बकाया पैसा लेने गया था, लेकिन विवाद इतना बढ़ गया कि जानलेवा हमले में तब्दील हो गया।
जानें पूरा मामला

निखिल निषाद अपने दोस्तों के साथ प्रॉपर्टी डीलर मोहन और हनुमान से पैसा लेने गया था। जानकारी के अनुसार, निखिल, मोहन और हनुमान मिलकर प्रॉपर्टी का कारोबार करते थे। किसी डील के बाद हनुमान और मोहन को निखिल को कुछ पैसे देने थे, जिसे लेने वह अपने दोस्तों के साथ पहुंचे। मौके पर लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि मोहन, हनुमान और उनके साथियों ने पहले लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से निखिल और उसके दोस्तों पर हमला किया। किसी तरह तीनों जान बचाकर मोटरसाइकिल से भागे, लेकिन हमलावरों ने स्कॉर्पियो से उनका पीछा किया और अकबरपुर रोड पर बाइक में टक्कर मार दी। इस टक्कर में निखिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले अयोध्या जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
हत्या का दर्ज हुआ केस

इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस शुरू में इसे एक सड़क हादसा बताकर टालने का प्रयास करती रही, लेकिन जब मृतक के परिवारवालों ने साफ आरोप लगाए और लिखित तहरीर दी, तब पुलिस हरकत में आई। निखिल की मां आरती निषाद की तहरीर पर कोतवाली अयोध्या में पांच नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास और बलवा की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसपी सिटी मधुबन सिंह ने बताया कि, “परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी। मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।”
स्थानीय लोगों में आक्रोश

इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना केवल लेनदेन का विवाद नहीं, बल्कि साजिश के तहत की गई सुनियोजित हत्या है। लोगों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
![]()
