कमरे में बेड पर मिला प्रयागराज के बुजुर्ग किरायेदार का शव, अंदर से बंद था दरवाजा
बरेली : शहर के थाना इज्जतनगर क्षेत्र के नागरिया परीक्षित इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब किराये के मकान में रह रहे एक बुजुर्ग का शव कमरे के अंदर बेड पर पड़ा मिला। मृतक की पहचान करीब 65 वर्षीय विजय कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से प्रयागराज के न्यू बैरहना इलाके के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर हुआ शक
जानकारी के मुताबिक विजय कुमार श्रीवास्तव पिछले करीब दो वर्षों से विमल कुमार के मकान में ऊपर वाले कमरे में अकेले रह रहे थे। पड़ोसियों ने बताया कि वह रोज सुबह करीब नौ बजे पानी चलवाने के लिए आवाज लगाते थे, लेकिन गुरुवार को काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई। काफी देर इंतजार के बाद अन्य किरायेदारों ने मकान मालिक को सूचना दी।मकान मालिक मौके पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस चौकी को सूचना दी गई।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक नरेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो विजय कुमार बेड पर मृत अवस्था में पड़े मिले। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके चलते शुरुआती जांच में किसी बाहरी हस्तक्षेप की आशंका कम मानी जा रही है।
एयरफोर्स और बैंक से थे रिटायर
बताया जा रहा है कि विजय कुमार श्रीवास्तव एयरफोर्स और बैंक सेवा से रिटायर थे। उनकी पत्नी और बेटा रोबिन श्रीवास्तव एयरपोर्ट क्षेत्र स्थित संत नगर चर्च के पास रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
हार्ट अटैक से मौत की आशंका
पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक या अन्य बीमारी से मौत का प्रतीत हो रहा है।हालांकि, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने फील्ड यूनिट बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए और पंचायतनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना
नागरिया परीक्षित इलाके में बुजुर्ग की इस तरह कमरे में मौत होने की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोग भी घटना के बाद मौके पर जुट गए। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
