पीलीभीत : जहानाबाद इलाके में तीन दिन से लापता एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निजाम डांडी निवासी महेंद्रपाल के रूप में हुई है, जो एक निजी स्कूल का संचालन करते थे। बृहस्पतिवार सुबह उनका शव पुल के नीचे पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
धान का बीज लेने गए थे, वापस नहीं लौटे
मृतक के चाचा लालाराम ने बताया कि महेंद्रपाल 25 मई की दोपहर धान का बीज लेने के लिए शहर गए थे, लेकिन उसके बाद घर वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने बुधवार को जहानाबाद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की थी।
बच्चों ने देखा पुल के नीचे शव
बृहस्पतिवार सुबह गांव के दो बच्चों ने पुल के नीचे एक शव पड़ा देखा। बच्चों ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर परिजन भी वहां पहुंचे और शव की पहचान महेंद्रपाल के रूप में की। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
प्रेम संबंधों को लेकर हत्या की आशंका
मृतक के चाचा लालाराम ने बताया कि महेंद्रपाल की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी थी और उनके तीन बच्चे हैं। उन्होंने दावा किया कि महेंद्रपाल के बरेली की एक महिला से प्रेम संबंध थे। परिजनों के मुताबिक दोनों की मुलाकात ऋषिकेश में हुई थी और तभी से दोनों के बीच संपर्क था। परिवार को आशंका है कि इन्हीं प्रेम संबंधों के चलते महेंद्रपाल की हत्या की गई है।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल प्रेम संबंध, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
