इनाम और उलेमाओं ने कुर्बानी की फज़ीलत की बयान, पुलिस छावनी बना शहर
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का त्योहार इस बार पूरे अमन -ओ- सुकून, भाईचारे और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह की पहली अज़ान के साथ ही शहर का माहौल इबादत और रूहानियत में रंग गया। मस्जिदों, ईदगाहों और दरगाहों में नमाज़ियों की भारी भीड़ उमड़ी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई नए कपड़ों में नजर आया और लोगों ने मुल्क में अमन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी।
सुबह 5:40 बजे से शुरू हुआ नमाज़ का सिलसिला
सबसे पहले शहर के बाजार संदल खां स्थित दरगाह वली मियां की चांद मस्जिद और ज़खीरा की दुलिया वाली मस्जिद में सुबह 5 बजकर 40 मिनट पर ईद की नमाज़ अदा की गई। इसके बाद शहर के अलग-अलग इलाकों में लगातार नमाज़ अदा की जाती रही। दरगाह ताजुश्शरिया में सुबह 6:30 बजे, दरगाह शाह शराफत अली मियां में 6:45 बजे और खानकाह-ए-वामिकिया निशातिया में सुबह 7:30 बजे बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज़ अदा की। वहीं खानकाह-ए-नियाज़िया, दरगाह बशीर मियां और दरगाह रफ़ीकुल औलिया में सुबह साढ़े आठ बजे नमाज़ अदा की गई। किला की जामा मस्जिद, नौमहला मस्जिद और दरगाह शाहदाना वली में सुबह 9 बजे ईद की नमाज़ हुई।
बाकरगंज ईदगाह में अदा हुई शहर की मुख्य नमाज़
शहर की मुख्य नमाज़ बाकरगंज स्थित ईदगाह में सुबह 10 बजे अदा की गई, जहां काज़ी -ए- हिंदुस्तान मुफ्ती असजद रज़ा क़ादरी यानी असजद मियां ने नमाज़ पढ़ाई। नमाज़ के बाद उन्होंने खुत्बा पढ़ा और मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की के लिए खास दुआ कराई।
दरगाह आला हज़रत में उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब
दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि इसके बाद दरगाह आला हज़रत स्थित रज़ा मस्जिद में सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर मुफ्ती ज़ईम रज़ा ने नमाज़ अदा कराई, जबकि खास दुआ अल्लामा तौसीफ रज़ा खान यानी तौसीफ मियां ने कराई।यहां दरगाह प्रमुख हज़रत सुब्हानी मियां, सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां समेत खानदान के बुजुर्गों और बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज़ अदा की और एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
ईद के बाद शुरू हुआ सुन्नते इब्राहीमी का सिलसिला
नमाज़ के बाद पूरे शहर में मोहब्बत और भाईचारे का खूबसूरत माहौल देखने को मिला। लोग एक-दूसरे के घर जाकर ईद की मुबारकबाद देते नजर आए। वहीं सुन्नते इब्राहीमी यानी कुर्बानी का सिलसिला भी शुरू हो गया, जो 28, 29 और 30 मई तक सूर्यास्त यानी मगरिब की नमाज़ से पहले तक जारी रहेगा।
लोग धार्मिक परंपराओं के अनुसार कुर्बानी अदा कर रहे हैं और जरूरतमंदों में हिस्सा भी बांट रहे हैं। घरों में सेवइयों और तरह-तरह के पकवानों का दौर शुरू हो गया है। रिश्तेदारों और मेहमानों की आवभगत की जा रही है।
सलमान मियां और फरमान मियां की लोगों से खास अपील
ईदगाह में काज़ी-ए-हिंदुस्तान के दामाद और जमात रज़ा मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान हसन खान यानी सलमान मियां और राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन खान यानी फरमान मियां ने भी लोगों को ईद की मुबारकबाद दी।
उन्होंने अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी के दौरान हमवतन भाइयों की भावनाओं का विशेष ध्यान रखें, खुले में कुर्बानी न करें और साफ-सफाई का पूरा ख्याल रखें।वहीं ईदगाह कमेटी के सदर खलील अहमद ने भी लोगों को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इसके अलावा सपा, कांग्रेस और बसपा की तरफ से ईदगाह में ईद मिलन कैंप लगाए गए। यहां नेताओं ने लोगों के गले मिलकर एक दूसरे को मुबारकबाद दी।
इमामों ने दिया कुर्बानी और इंसानियत का पैगाम
मस्जिदों और ईदगाहों में इमामों ने हज़रत इब्राहीम अलैहिस्सलाम और हज़रत इस्माइल अलैहिस्सलाम की कुर्बानी के वाकये को बयान करते हुए कहा कि इंसान को अल्लाह की राह में अपनी सबसे प्यारी चीज भी कुर्बान करने के लिए तैयार रहना चाहिए। इमामों ने लोगों से भाईचारा, इंसानियत और अमन कायम रखने की अपील की। नमाज़ियों ने भी मुल्क में शांति और खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं।
बरेली पुलिस और प्रशासन पूरी तरह रहा अलर्ट
वहीं पूरे त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए बरेली पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। एसएसपी अनुराग आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले की 176 ईदगाहों और 1415 मस्जिदों में बकरीद की नमाज़ अदा की गई। सभी संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था।
ड्रोन कैमरों और QRT टीमों से हुई निगरानी
एसएसपी के मुताबिक जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिस कर्मियों को अलग-अलग क्षेत्रों में डिप्लॉय किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए तीन कंपनी पीएसी और 14 क्यूआरटी यानी क्विक रिस्पॉन्स टीम्स को भी सक्रिय रखा गया। आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए ड्रोन कैमरों से पूरे शहर की निगरानी की गई। संवेदनशील इलाकों पर पुलिस की विशेष नजर बनी रही।
एसएसपी की अपील- शांति और भाईचारे के साथ मनाएं त्योहार
एसएसपी अनुराग आर्य ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग त्योहार को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाएं। अगर कहीं भी किसी प्रकार की कोई समस्या दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें या 112 नंबर पर संपर्क करें।
बरेली में दिखी गंगा-जमुनी तहज़ीब की खूबसूरत तस्वीर
कुल मिलाकर बरेली में ईद-उल-अजहा का त्योहार अमन, मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत के पैगाम के साथ मनाया गया। एक तरफ मस्जिदों और ईदगाहों में इबादत का खूबसूरत माहौल नजर आया, तो दूसरी तरफ पुलिस और प्रशासन भी पूरी मुस्तैदी के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालता दिखाई दिया। शहरभर में लोगों ने एक -दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और मोहब्बत, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहज़ीब का संदेश दिया।
