लखनऊ/कानपुर : यूपी के कानुपर में प्रेमी के मोह में अंधी एक मां ने रिश्तों को शर्मसार कर अपने ही तीन साल के मासूम बेटे की ताबीज के धागे से गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना नरवल थाना क्षेत्र के मजरा प्रतापपुर गांव की है। यहां रविवार रात यह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। आरोपी महिला मनीषा ने पहले बच्चे को गला घोंटकर मारा और फिर उसके चेहरे को दांतों से काट डाला। इसके बाद वह मृत बच्चे को छत पर सो रहे ससुर के पास सुला कर नीचे आ गई और सामान्य रूप से घर के काम करने लगी।
पति के सवाल पर खुला हत्या का राज

रात करीब 10 बजे जब पति सुशील यादव खेतों से घर लौटे, तो उन्होंने मनीषा से बेटे अनुरूद्ध के बारे में पूछा। मनीषा ने बताया कि बच्चा ऊपर दादा के पास सो रहा है। सुशील जब छत पर पहुंचे तो बेटे की हालत देख घबरा गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस पूछताछ में मनीषा ने अपना जुर्म कबूल किया और बताया कि उसने यह हत्या अपने प्रेमी विकास के कहने पर की। सुशील की मनीषा से छह साल पहले शादी हुई थी।
एक माह पहले भागी थी प्रेमी संग

आरोपी महिला मनीषा का प्रेम संबंध गांव के ही युवक विकास से था। उसके साथ वह एक माह पहले घर से भाग गई थी। परिजनों के दबाव में कुछ दिन पहले लौट तो आई, लेकिन प्रेमी संग रहने की ज़िद पर अड़ी रही।
पहले भी दो बच्चों की संदिग्ध मौत
गांव वालों का दावा है कि मनीषा के पहले दो बच्चों की भी संदिग्ध हालात में मौत हो चुकी है। लक्ष्मी और अनुराग नामक इन बच्चों की मौत का कारण कभी स्पष्ट नहीं हो पाया। लोगों को शक है कि मनीषा ही इन हत्याओं के पीछे है।
पुलिस पर भी लगे लापरवाही के आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पहले प्रेमी विकास से पैसे लेकर मामले को दबाने की कोशिश की थी, जिससे समय पर सख्त कार्रवाई नहीं हो सकी। फिलहाल पुलिस ने मनीषा को गिरफ्तार कर लिया है और प्रेमी विकास की तलाश में दबिश दी जा रही है। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए हैं।
![]()
