बरेली : डीजी इन्फ्रा ग्रुप के तत्वावधान में शुरू हुई बरेली कॉर्पोरेट लीग (BCL) का उद्घाटन श्री राम मूर्ति स्मारक (एसआरएमएस) क्रिकेट ग्राउंड पर धूमधाम से किया गया। टूर्नामेंट की शुरुआत पार्थ गौतम फाउंडेशन के चेयरमैन पार्थ गौतम द्वारा फीता काटकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर की गई। पहले ही दिन दो मुकाबले खेले गए जिनमें रोमांच, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
पहला मुकाबला: बियर कैफे ने इलाइट इलेवन को हराया
पहला मैच बियर कैफे और इलाइट इलेवन के बीच खेला गया। टॉस जीतकर इलाइट इलेवन ने पहले फील्डिंग का निर्णय लिया।बियर कैफे की ओर से तरुण ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाज़ी करते हुए शानदार 103 रन बनाए, जिसकी बदौलत टीम ने 207 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। इलाइट इलेवन की ओर से तस्लीम अल्वी ने 4 विकेट और मुस्तफा खान ने 3 विकेट झटके। जवाब में इलाइट इलेवन की टीम फरहान के 59 रनों के बावजूद 19.4 ओवर में 164 रन पर ऑल आउट हो गई। बियर कैफे के गेंदबाजों ने सामूहिक प्रदर्शन किया – जोंटी, दीपक, शुभम कौशिक और शुभांकर सेठ ने 2-2 विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच तरुण घोषित किया
दूसरा मुकाबला: रजत बघेल की धमाकेदार बल्लेबाज़ी से एक्सप्लोर इलेवन विजयी
दूसरे मैच में प्रो स्ट्राइकर और एक्सप्लोर इलेवन आमने-सामने थे।प्रो स्ट्राइकर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रसून गंगवार (44 रन) और पारस कौशिक (33 रन) की पारियों की मदद से 148 रनों का लक्ष्य रखा। एक्सप्लोर इलेवन की ओर से अनुराग, नीरज और अजय ने 2-2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एक्सप्लोर इलेवन की टीम ने रजत बघेल की जबरदस्त 75 रन की पारी के बलबूते मैच को अपने नाम किया। प्रो स्ट्राइकर की ओर से प्रशांत गंगवार ने 2 विकेट झटके। रजत बघेल को उनकी शानदार बल्लेबाज़ी के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने बढ़ाया आयोजन का गौरव
दूसरे मैच के मुख्य अतिथि रहे नारद मुनि गौड़, चेयरमैन, गन्ना समिति, फरीदपुर, बरेली। इसके अलावा आयोजन स्थल पर कई विशिष्टजन उपस्थित रहे। इसमें सौरभ शर्मा, आदित्य मूर्ति, सचिव, एसआरएमएस ट्रस्ट, शिखर गुप्ता, मालिक, गैरीस प्ले, शशांक रस्तोगी, रियाज़ अफरीदी, टूर्नामेंट आयोजक, शुभम कौशिक, अतुल यादव, आरिफ हुसैन, ज़हीर उद्दीन, जारिया कलेक्शन, रजत मेहरोत्रा आदि
खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों की तालियों से गूंजा मैदान
बीसीएल का पहला दिन खेल प्रेमियों के लिए रोमांचकारी रहा। दोनों मैचों में शानदार बल्लेबाज़ी, सटीक गेंदबाज़ी और ज़बरदस्त फील्डिंग का प्रदर्शन देखने को मिला। खिलाड़ियों का उत्साह और मैदान पर मौजूद दर्शकों की तालियों से माहौल जीवंत हो उठा।
![]()
