बहेड़ी के एक होटल में पुलिस और संगठनों की छापेमारी, आरोपी गिरफ्तार, CCTV फुटेज कब्जे में
बरेली : यूपी के बरेली जिले के बहेड़ी कोतवाली थाना क्षेत्र में नैनीताल हाईवे स्थित होटल ताज दिल्ली दरबार में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने सूचना मिलने पर होटल में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग छात्रा और युवक को होटल के कमरे से बरामद किया गया। इसमें बाद में छात्रा की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, छात्रा मूल रूप से वाराणसी की रहने वाली बताई जा रही है और बहेड़ी क्षेत्र में रहकर आईटीआई की पढ़ाई कर रही थी। आरोप है कि युवक छात्रा को अपने साथ होटल लेकर गया था, जहां दोनों रातभर रुके हुए थे। इस मामले की जानकारी स्थानीय लोगों और कुछ संगठनों को मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
नग्न अवस्था में मिला युवक
संगठन की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम शुक्रवार तड़के करीब 5 बजे होटल पहुंची, और कमरे में मौजूद युवक और छात्रा को अपने साथ थाने ले आई। थाने में छात्रा के बयान दर्ज किए गए। पुलिस का कहना है कि छात्रा की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट, दुष्कर्म और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। छात्रा का मेडिकल परीक्षण भी कराया जा रहा है। इस मामले में जानकारी देते हुए एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि नाबालिग छात्रा की शिकायत के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है,और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
होटल प्रबंधन की भूमिका पर उठाए सवाल
इस घटना के बाद कुछ हिंदू संगठनों और स्थानीय नेताओं ने होटल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि होटल में बिना पर्याप्त पहचान सत्यापन के कमरा दिया गया। संगठनों ने होटल प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।
होटल का रजिस्टर, आई कार्ड और डीवीआर ली कब्जे में
पुलिस फिलहाल होटल के रजिस्टर, आईडी रिकॉर्ड, डीवीआर और CCTV फुटेज की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि होटल में एंट्री किस प्रक्रिया के तहत हुई और नियमों का पालन किया गया था या नहीं। वहीं कुछ संगठनों ने मामले को धर्म परिवर्तन और “लव जिहाद” से जोड़ते हुए अतिरिक्त धाराएं बढ़ाने की मांग की है।
जांच में तथ्य सामने आने के बाद बढ़ेंगी धाराएं
हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जांच में जो तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस के अनुसार आरोपी युवक पुरानी रोडवेज क्षेत्र में बिरयानी बेचने का काम करता है। उसका मोबाइल फोन भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। वहीं छात्रा के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
