मुरादाबाद : मुरादाबाद में मामूली विवाद के बाद हुई एक दर्दनाक हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी। यहां ट्रक का पंचर बनाने के 500 रुपये मांगने पर ट्रक ड्राइवर ने पंचर दुकानदार की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी ट्रक ड्राइवर के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पूरा मामला मुरादाबाद के मैनाठेर थाना क्षेत्र स्थित डींगरपुर इलाके का है। यहां हाईवे किनारे इस्तेखार आलम नाम का युवक पिछले कई वर्षों से पंचर की दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात एक ट्रक हाईवे पर पंचर हो गया था। ट्रक चालक करीम अपना वाहन लेकर इस्तेखार की दुकान पर पहुंचा और पंचर सही कराने लगा। पंचर बनाने के बाद जब इस्तेखार ने मेहनताना मांगा तो दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद शुरू हो गया।
जानकारी के मुताबिक इस्तेखार ने ट्रक का पंचर बनाने के एवज में 500 रुपये मांगे थे। इसी बात को लेकर ट्रक चालक करीम गुस्से में आ गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ट्रक ड्राइवर ने अपने ट्रक के केबिन से चाकू निकाल लिया और इस्तेखार आलम पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले से इस्तेखार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मैनाठेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ हालत में पड़े इस्तेखार आलम को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर गई। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक इस्तेखार आलम मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का रहने वाला था। वह पिछले करीब पांच साल से मुरादाबाद के डींगरपुर इलाके में रहकर हाईवे किनारे पंचर की दुकान चला रहा था। इलाके के लोगों का कहना है कि इस्तेखार मेहनतकश और शांत स्वभाव का व्यक्ति था और अपनी मेहनत से परिवार का गुजारा कर रहा था।
घटना के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी ट्रक चालक करीम के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है। वहीं घटना में इस्तेमाल चाकू को भी बरामद करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस मामले में एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि ट्रक चालक और पंचर दुकानदार के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली विवाद में जिस तरह युवक की हत्या की गई, उससे हर कोई सहम गया है। हाईवे किनारे काम करने वाले दुकानदारों ने भी घटना को लेकर चिंता जताई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
रिपोर्ट: रेहान, मुरादाबाद
