बांदा : बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक 20 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल है। यह हादसा इतना भयानक था कि स्कॉर्पियो वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक स्कॉर्पियो कार गैस सिलेंडर से लदे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो में सवार चालक सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में एक 20 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि युवती की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले और घायल सभी लोग आजमगढ़ जनपद के रामगढ़ क्षेत्र के रहने वाले एक ही परिवार के सदस्य थे। यह परिवार किसी काम से कबरई की ओर जा रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग हरकत में आ गया। जिलाधिकारी अमित आसेरी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि यह हादसा कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हुआ है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
वहीं, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसपी ने यह भी बताया कि प्रथम दृष्टया यह माना जा रहा है कि वाहन चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह भीषण हादसा हुआ, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हादसे के बाद बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रित कर सुचारू कराया।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार हर संभव सहायता दी जाएगी और मामले की पूरी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
