गोरखपुर/बरेली : गर्मियों की भीड़ और यात्रियों की अतिरिक्त मांग को देखकर रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के जनसम्पर्क विभाग के मुताबिक रेल प्रशासन ने 09157/09158 बांद्रा टर्मिनस -गोरखपुर-रतलाम ग्रीष्मकालीन अनारक्षित विशेष ट्रेन के संचालन का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन पूरी तरह अनारक्षित होगी। जिससे सामान्य यात्रियों को यात्रा में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है। रेलवे के अनुसार, 09157 बांद्रा टर्मिनस -गोरखपुर ग्रीष्मकालीन अनारक्षित विशेष गाड़ी का संचालन 10 मई 2026 को बांद्रा टर्मिनस से किया जाएगा।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
ट्रेन रात 12.30 बजे बांद्रा टर्मिनस से रवाना होगी और रास्ते में बोरीवली, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, नागदा, कोटा, सवाई माधोपुर, भरतपुर, मथुरा जंक्शन, हाथरस सिटी, कासगंज, बरेली सिटी, इज्जतनगर, पीलीभीत, मैलानी, सीतापुर, गोंडा, बस्ती और खलीलाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करते हुए अगले दिन शाम 5:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। रेलवे प्रशासन के मुताबिक इस विशेष ट्रेन के संचालन से महाराष्ट्र,गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
समर वेकेशन में पैसेंजर की संख्या में इजाफा
गर्मी की छुट्टियों में बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर तथा प्रमुख शहरों को यात्रा करते हैं। ऐसे में यह ट्रेन यात्रियों के लिए राहतभरी खबर मानी जा रही है।वहीं वापसी यात्रा में 09158 गोरखपुर-रतलाम ग्रीष्मकालीन अनारक्षित विशेष गाड़ी 11 मई 2026 को रात 8:30 बजे गोरखपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा,सीतापुर, मैलानी, पीलीभीत, इज्जतनगर, बरेली सिटी, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा जंक्शन, भरतपुर, सवाई माधोपुर, कोटा और नागदा होते हुए तीसरे दिन रात 1:00 बजे रतलाम पहुंचेगी।
एसी और स्लीपर कोच भी
रेलवे प्रशासन ने बताया कि इस विशेष ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें सामान्य द्वितीय श्रेणी एवं शयनयान श्रेणी के 18 कोच तथा एसएलआरडी के 2 कोच शामिल होंगे। खास बात यह है कि ट्रेन के सभी कोच अनारक्षित श्रेणी के होंगे। जिससे बिना आरक्षण वाले यात्रियों को भी यात्रा करने का अवसर मिलेगा। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित कुमार ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की समय -सारणी और रेलवे द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
