बरेली: बरेली पुलिस ने जिलेभर में ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए शनिवार को बड़ा अभियान चलाया। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर सुबह 5 बजे से 7 बजे तक अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लाउडस्पीकरों की जांच की गई। इस दौरान कई जगह नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई भी की गई।
जिलेभर में चला चेकिंग अभियान
पुलिस के मुताबिक जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल 460 जगहों पर चेकिंग की गई। जांच के दौरान कई लाउडस्पीकर तय मानकों से ज्यादा तेज आवाज में चलते मिले। इसके बाद 116 लाउडस्पीकरों की आवाज कम कराकर उन्हें नियमों के मुताबिक कराया गया।
कई जगहों से उतारे गए लाउडस्पीकर
अभियान के दौरान इज्जतनगर, बारादरी और शेरगढ़ थाना क्षेत्र में कुल 42 जगहों की जांच हुई। यहां नियमों का उल्लंघन मिलने पर 6 लाउडस्पीकर उतरवाए गए। पुलिस के अनुसार इज्जतनगर में 3, बारादरी में 2 और शेरगढ़ में 1 लाउडस्पीकर हटाया गया।
लोगों से नियम मानने की अपील
कोतवाली, किला, सुभाषनगर, फतेहगंज पश्चिमी, भोजीपुरा, देवरनियां और कई अन्य थाना क्षेत्रों में भी अभियान चलाया गया। पुलिस ने लोगों से ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
