पीलीभीत : पीलीभीत जिले की जहानाबाद पुलिस ने नशे के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 20 हजार प्रतिबंधित अल्प्रालोजम गोलियां, नकदी और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो लग्जरी कारें बरामद की हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक जहानाबाद थाना क्षेत्र में नशीली दवाओं की बड़ी खेप के लेनदेन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान दो कारों में सवार कुछ लोग संदिग्ध परिस्थितियों में हिसाब-किताब करते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर तीनों को मौके से पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 लाख 20 हजार अल्प्रालोजम गोलियां बरामद कीं, जिनकी बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा 54 हजार 550 रुपये नकद, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही i20 और स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन और आठ एटीएम कार्ड भी बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखविन्दर सिंह, ओमकार मिश्रा और फुरकान के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह लंबे समय से नशीली दवाओं की सप्लाई में सक्रिय था। पुलिस के अनुसार बरामद गोलियां फुरकान नाम के व्यक्ति को 50 हजार रुपये में बेची गई थीं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लखविन्दर सिंह मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है और वर्तमान में लखीमपुर खीरी से अपना नेटवर्क संचालित कर रहा था। उसके खिलाफ पहले से जहानाबाद थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वहीं ओमकार मिश्रा के खिलाफ लखीमपुर खीरी के थाना पलिया में बलवा और मारपीट जैसे गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। तीसरा आरोपी फुरकान अमरिया क्षेत्र का निवासी है और वह भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में नामजद बताया जा रहा है।
सहायक पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल ने बताया कि पुलिस को इस कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में नशे की सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट : ऋतिक द्विवेदी
