बालोतरा। राजस्थान के बालोतरा जिले स्थित पचपदरा रिफाइनरी में सोमवार को आग लगने की घटना के बाद बड़ा निर्णय लिया गया है। तेल मंत्रालय के अनुसार रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन इकाई के पास लगी आग के चलते 21 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री के उद्घाटन कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
घटना के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के समय सुरक्षा एजेंसियां और तकनीकी दल तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित करने में जुट गए। रिफाइनरी परिसर को पूरी तरह सुरक्षित कर दिया गया है और किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष भरत मोदी ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जल्द ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने की संभावना है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी घटना पर चिंता जताते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग का धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। फिलहाल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
