अलीनगर जंगल में सुबह-सुबह फायरिंग, दो बेटे भी दबोचे गए, गोवंश बरामद, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
बरेली : यूपी के बरेली जिले में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नवाबगंज थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव के जंगल में पुलिस और गौ-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों तरफ से हुई फायरिंग में एक तस्कर घायल हो गया, जबकि एक दरोगा भी जख्मी हो गए। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि अलीनगर जंगल में कुछ लोग गो-तस्करी की फिराक में हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी, जैसे ही पुलिस संदिग्धों के करीब पहुंची, आरोपियों ने तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। जिसमें एक तस्कर घायल हो गया।
पिता घायल, दो बेटे गिरफ्तार
घायल आरोपी की पहचान यासीन खां निवासी लभेड़ा (हाफिजगंज) के रूप में हुई है, जिसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से उसके दो बेटों अफजल खां,और अजमल खां को भी गिरफ्तार कर लिया। घायल यासीन को पहले सीएचसी और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां उसका इलाज जारी है।
घटना में दरोगा भी जख्मी
मुठभेड़ के दौरान तस्करों की गोली से उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह भी घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा और कारतूस, छुरी और रस्सी, लकड़ी के औजार बरामद किए हैं। इसके साथ ही एक रस्सी से बंधे गोवंश को भी मुक्त कराया गया।
पहले भी जुड़े थे गोकशी से
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि ये आरोपी करीब एक महीने पहले सतईया गांव में हुई गोकशी की घटना में भी शामिल थे। अधिकारियों के मुताबिक, यह गिरोह लंबे समय से इलाके में सक्रिय था और अब पुलिस इनके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने साफ किया है कि इलाके में सक्रिय तस्करी गिरोहों के खिलाफ अभियान तेज किया जाएगा।
