सड़क हादसे के सदमे में उठाया खौफनाक कदम
पीलीभीत : यूपी के पीलीभीत जिले के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दुबे में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पोते की सड़क हादसे में मौत से आहत एक वृद्ध महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
5 अप्रैल को सड़क हादसे में हुई थी पोते की मौत
परिजनों के मुताबिक, सुनील कुमार के 18 वर्षीय बेटे हर्षित की 5 अप्रैल को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी।वह अपने दोस्त के साथ पीलीभीत गया था, और वापस लौटते समय गांव जिरौनिया के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।
पोते की मौत के बाद गहरे सदमे में थीं श्याम कली
हर्षित की मौत की खबर सुनते ही उसकी दादी श्याम कली बेहोश हो गई थीं। इसके बाद से वह गहरे अवसाद में चली गईं और अक्सर अपने पोते को याद कर रोती रहती थीं। परिवार के लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन वह इस सदमे से उबर नहीं सकीं।
खाली मकान में जाकर लगाया फंदा
रविवार को करीब दोपहर 12 बजे श्याम कली घर से निकलकर पड़ोस के खाली मकान में पहुंच गईं। वहां उन्होंने कुंडे में रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। जब काफी देर तक वह घर में नहीं दिखीं तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। पड़ोस के मकान में जाकर देखा तो उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा भरते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिवार सदमे में है।
